रींगस में स्थित एक गेस्ट हाउस में खाटूश्यामजी के दर्शन के लिए रोहतक से आए यात्रियों के साथ विवाद का एक मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार रोहतक के 12 युवतियों और 6 युवकों के दल ने रविवार रात को गेस्ट हाउस संचालक पर अभद्र व्यवहार का आरोप लगाया है। पुलिस थाना प्रभारी सुरेश कुमार के अनुसार, यात्री दल और गेस्ट हाउस संचालक के बीच स्नान सुविधा के लिए 40 रुपए प्रति व्यक्ति की दर से तय राशि को लेकर विवाद हुआ। युवतियों ने आरोप लगाया कि संचालक ने न केवल अभद्र व्यवहार किया बल्कि उनकी वीडियो रिकॉर्डिंग भी की। शिकायत के आधार पर पुलिस ने गेस्ट हाउस संचालक दीपक राईका (42) को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बताया कि यदि पीड़ित पक्ष लिखित शिकायत दर्ज कराता है तो आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
