हरियाणा के सोनीपत में अपराध के आंकड़े थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। कुंडली थाना क्षेत्र के प्याऊ मनिहारी इलाके में रविवार देर रात मामूली कहासुनी ने खूनी रूप ले लिया। किराए के कमरे के पास तेज रफ्तार से स्कूटी निकालने का विरोध करने पर एक युवक ने अपने साथियों के साथ मिलकर ढाबा संचालक की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल ढाबा संचालक को तुरंत नरेला के अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटनाक्रम के अनुसार, कुंडली निवासी नरेंद्र खत्री (34) पिछले 10 सालों से प्याऊ मनिहारी क्षेत्र में ‘मित्रा दा ढाबा’ नाम से अपना कारोबार चला रहे थे। ढाबे से कुछ दूरी पर उमाशंकर कॉलोनी में उनका पानी का प्लांट और किराए के कमरे हैं। रविवार रात करीब 20 से 22 युवक वहां मौजूद थे, तभी एक युवक तेज रफ्तार में स्कूटी दौड़ाते हुए निकला।

प्लांट की देखरेख करने वाले कर्मचारी निखिल ने जब उसे आराम से गाड़ी चलाने को कहा, तो आरोपी अमन यादव अपने साथियों के साथ गाली-गलौज और हाथापाई पर उतारू हो गया। कर्मचारी से मारपीट की सूचना मिलते ही नरेंद्र मौके पर पहुंचे और मामला शांत कराने का प्रयास करने लगे।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, नरेंद्र जब युवकों को समझाने की कोशिश कर रहे थे, तभी आरोपी अमन यादव उनसे भी उलझ गया और गालियां देने लगा। बात इतनी बढ़ गई कि अमन ने अपनी जेब से पिस्तौल निकाली और नरेंद्र की छाती को निशाना बनाकर गोली चला दी। गोली लगते ही नरेंद्र खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़े।

अचानक हुई इस वारदात से मौके पर भगदड़ मच गई और आरोपी हथियार लहराते हुए फरार हो गया। करीब 6 साल पहले शादी के बंधन में बंधे नरेंद्र अपने पीछे पत्नी और दो मासूम बच्चों (2 और 4 साल) को छोड़ गए हैं। इस घटना के बाद से ही पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

वारदात की सूचना मिलते ही कुंडली थाना पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी अमन यादव पास की ही पेपर मिल कॉलोनी का रहने वाला है। कुंडली थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी के संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि वारदात की पूरी कड़ी से पर्दा उठ सके। शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है और पुलिस का दावा है कि आरोपी को जल्द ही सलाखों के पीछे भेजा जाएगा

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!