Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

डेरा प्रेमी प्रदीप सिंह हत्या मामला : पुलिस ने बठिंडा में तैनात एक सब-इंस्पेक्टर के बेटे को लिया हिरासत में

कोटकपुरा में डेरा प्रेमी प्रदीप सिंह के हत्या मामले में पुलिस ने बठिंडा में तैनात एक सब-इंस्पेक्टर के बेटे को हिरासत में लिया है। आरोप हैं कि हत्या के बाद एसआई के बेटे ने पटियाला में शूटरों के ठहरने का बंदोबस्त किया था। आरोपी पंजाबी यूनिवर्सिटी का स्टूडेंट है और हॉस्टल में ही रहता है।

पुलिस आगामी जांच में यह पता लगाने के प्रयास में जुटी है कि आरोपी को पहले से होने वाली हत्या के संबंध में जानकारी थी या नहीं। इसके अलावा जब उसने शूटरों के ठहरने का प्रबंध कराया तो उसे हत्या मामले की जानकारी थी या नहीं, इस संबंध में भी पूछताछ की जा रही है। यह भी पता चला है कि उसे इस बारे में फोन कर इंतजाम करने को कहा गया था।

बरगाड़ी बेअदबी मामले में नामजद आरोपी प्रदीप सिंह की बाइक सवार 6 हमलावरों ने बीते गुरुवार को कोटकपूरा में दुकान खोलते समय गोलियां मारकर हत्या की थी। हमलावरों ने प्रदीप पर करीब 60 गोलियां चलाई थी। सभी हत्यारोपी घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों में कैद हो गए थे। इस हत्याकांड की जिम्मेदारी गैंगस्टर गोल्डी बराड़ ने अपने फेसबुक पेज पर ली थी।

दिल्ली पुलिस के स्पेशल सेल ने वारदात को अंजाम देने वाले 6 हमलावरों में से 3 हत्यारोपियों को बीते शुक्रवार को पटियाला के बख्शीवाला से गिरफ्तार किया था। इनमें हरियाणा के जिला रोहतक 2 व भिवानी का रहने वाला एक हत्यारोपियों शामिल है। 2 हत्यारोपी करीब 16 वर्षीय नाबालिग हैं, जबकि एक आरोपी रोहतक के कलानौर निवासी 24 वर्षीय जितेंदर उर्फ जीतू है।

पकड़े गए शूटरों के कनाडा के गैंगस्टर गोल्डी बराड़ और पाकिस्तान के खालिस्तानी आतंकी हरविंदर सिंह उर्फ रिंदा से कनेक्शन सामने आया है। पंजाब पुलिस गैंगस्टरी गोल्डी बराड़ समेत अन्यों को केस में नामजद भी कर चुकी है।

डेरा प्रेमी प्रदीप साल 2015 में बरगाड़ी बेअदबी कांड के दो केसों में नामजद था। उसे पंजाब पुलिस की ओर से सुरक्षा भी मिली हुई थी।

Exit mobile version