Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

डेरा मुखी राम रहीम की 21 दिन की फरलो पूरी:सिरसा डेरे से रोहतक की सुनारिया जेल पहुंचा, 13वीं बार बाहर आया था, इस बार बरनावा नहीं गया

रोहतक जिले की सुनारिया जेल में हत्या और रेप के मामले में 20 साल की सजा काट रहे डेरा मुखी गुरमीत राम रहीम को 9 अप्रैल को 21 दिन की फरलो मिली थी। अब यह अवधि पूरी होने के बाद गुरमीत राम रहीम सिरसा डेरे से शाम करीब 5 बजे सुनारिया जेल पहुंच गया है।

कड़ी सुरक्षा के बीच राम रहीम को सिरसा से सुनारिया जेल लाया गया। गुरमीत राम रहीम को इससे पहले 2 जनवरी 2025 को 30 दिन की पैरोल मिली थी, जिसमें से उसने 10 दिन सिरसा डेरे में और 20 दिन बरनावा (उत्तर प्रदेश) में बिताए थे, लेकिन इस बार 21 दिन की फरलो के दौरान वह सिरसा डेरे में ही रहा, जहां उसने अपने अनुयायियों से मुलाकात की और डेरे का स्थापना दिवस भी मनाया।

9 अप्रैल को फरलो मिलने के बाद राम रहीम सुबह करीब 6:30 बजे सुनारिया जेल से सिरसा के लिए रवाना हुआ था। उस समय उसके साथ लग्जरी गाड़ियों का काफिला था, जिसमें दो बुलेटप्रूफ लैंड क्रूजर, दो फॉर्च्यूनर और दो अन्य गाड़ियां शामिल थीं। इसी काफिले के साथ राम रहीम सुनारिया जेल पहुंचा है।

यह 13वीं बार था जब डेरा प्रमुख गुरमीत राम रहीम जेल से बाहर आया था। रोहतक जेल प्रशासन ने पहले की तरह इस बार भी सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए उसे गुपचुप तरीके से सिरसा भेजा था।

Exit mobile version