चंडीगढ़। डेरा राधा स्वामी सत्संग ब्यास के प्रमुख बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों ने सोमवार को हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मुलाकात की। बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों चंडीगढ़ स्थित मुख्यमंत्री के सरकारी आवास संत कबीर कुटीर पहुंचे, जहां मुख्यमंत्री नायब सैनी और उनकी पत्नी ने उनका स्वागत किया।
इस मुलाकात की तस्वीरें भी सामने आई हैं। हालांकि, मुख्यमंत्री और डेरा ब्यास प्रमुख के बीच किन मुद्दों पर बातचीत हुई, इसकी आधिकारिक जानकारी फिलहाल साझा नहीं की गई है।
2026 में तीसरी बार हुई मुलाकात
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों के बीच वर्ष 2026 में नवंबर तक यह तीसरी मुलाकात है।
इससे पहले 27 मार्च को बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों ने चंडीगढ़ स्थित संत कबीर कुटीर में मुख्यमंत्री से शिष्टाचार भेंट की थी। उस दौरान मुख्यमंत्री ने अपने परिवार के साथ उनका स्वागत किया था और आध्यात्मिक एवं सामाजिक विषयों पर चर्चा हुई थी।
मई में खुद डेरा ब्यास पहुंचे थे CM
इससे पहले 31 मई को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी खुद अमृतसर स्थित डेरा ब्यास मुख्यालय पहुंचे थे। वहां उन्होंने बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों से मुलाकात की थी। इस मुलाकात की जानकारी हरियाणा सरकार के जनसंपर्क विभाग की ओर से भी साझा की गई थी।
लगातार हो रही इन मुलाकातों के बीच सोमवार को हुई इस भेंट को लेकर राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चा है। हालांकि, मुलाकात का कोई विशेष एजेंडा सामने नहीं आया है।
