Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा में 10 बजे तक छाया रहा घना कोहरा:साढ़े 8 बजे 4 जिलों में विजिबिलिटी 50 मीटर रही; अंबाला-हिसार शिमला से ठंडे

हरियाणा आज भी लगातार तीसरे दिन घने कोहरे की चपेट में है। राजस्थान व पंजाब से सटे कई जिलों में इतना कोहरा था कि 5 मीटर दूर से भी कुछ नहीं दिखाई दे रहा था। कोहरे की वजह से ट्रेनें देरी से चल रही हैं और जीटी रोड व अन्य हाईवे पर वाहन रेंग कर चल रहे हैं। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि दो दिन तक प्रदेश में हालात नहीं बदलने वाले हैं। कुछ जिलों में घना कोहरा तो कुछ में बहुत घना कोहरा छाने के आसार हैं। मौसम आमतौर पर खुश्क बना रहेगा। ठंड से भी राहत मिलने के कोई आसार नहीं हैं। बीती रात को 10 बजे ही कोहरा छाना शुरू हो गया था। रात बढ़ने के साथ ही इसका दायरा भी बढ़ने लगा। रात को घने कोहरे की शुरुआत पंजाब से स्टे अंबाला, पेहोवा, कैथल, शाहाबाद व गुहला से हुई थी। यहां विजिबिलिटी 10 से 20 मीटर तक रही। आधी रात के बाद आधे हरियाणा में कोहरे का ओरेंज अलर्ट रहा। मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार रात को दो बजे से सुबह 6 बजे तक चरखी दादरी, भिवानी, तोशाम, बहादुरगढ़, बेरी खास, संपला, रोहतक, सिवानी, बवानी खेड़ा, हांसी, हिसार, आदमपुर, नारनौंद, नाथूसरी चोपटा, ऐलनाबाद, फतेहाबाद, रानिया, खरखौदा, सोनीपत, गन्नौर, समालखा, बापौली, घरौंडा, करनाल, महम, गोहाना, जुलाना, इसराना, सफीदों, जींद, पानीपत, असंध, कैथल, नीलोखेड़ी, नरवाना, सिरसा, टोहाना, कलायत, रतिया, डबवाली, थानेसर, गुहला, पेहोवा व अंबाला में हालात बेहद खराब बने रहे। हरियाणा में रात को कड़ाके की ठंड पड़ी। प्रदेश में रात को न्यूनतम तापमान 5 से 9 डिग्री तक दर्ज किया गया। अंबाला व बालसमंद हिसार में पारा सबसे कम 5.2 डिग्री रहा। सोनीपत में जहां न्यूनतम तापमान में 2.3 डिग्री की बढ़ोतरी हुई है, वहीं यमुनानगर में तापमान सबसे ज्यादा 2.7 डिग्री तक नीचे आ गया। महेंद्रगढ़ में मंगलवार को अधिकतम 24 डिग्री व न्यूनतम तापमान 5.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। यहां रातें ठंडी व दिन गर्म बना रहा।

Exit mobile version