Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा में घनी धुंध, विजिबिलिटी जीरो:ट्रेनें लेट; पुलिस बोली- जरूरत हो तभी गाड़ी लेकर निकलें

हरियाणा लगातार चौथे दिन घनी धुंध की चपेट में है। रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, फरीदाबाद, पानीपत और पंचकूला समेत कई जगह घनी धुंध के कारण विजिबिलिटी जीरो है। बारिश की बूंदों की तरह धुंध टपक रही है। शीतलहर चल रही है। कई जगह रात 9 बजे ही धुंध पड़नी शुरू हो गई थी। रात को भी विजिबिलिटी कम ही रही।

चंडीगढ़ मौसम विभाग की ओर से हरियाणा में वैरी डेंस फॉग का अलर्ट जारी किया गया है। अंबाला, हिसार, जींद, कैथल, करनाल, कुरुक्षेत्र, पंचकूला, पानीपत, रोहतक, सोनीपत और यमुनानगर में अलर्ट है। पुलिस ने लोगों को जरूरत होने पर ही गाड़ी लेकर घर से निकलने की एडवाइजरी जारी की है।

वहीं घनी धुंध के कारण कॉबर्ट पार्क लिंक एक्सप्रेस और सिरसा एक्सप्रेस 2 घंटे देरी से चलीं। कुछ पैसेंजर ट्रेन 10 से 15 मिनट देरी से चल रही हैं।

उधर, जीरो विजिबिलिटी के कारण अमृतसर और चंडीगढ़ एयरपोर्ट बंद हैं। सुबह से कोई फ्लाइट नहीं उतरी है। सभी फ्लाइट्स को री-शेड्यूल किया जा रहा है। वहीं जालंधर में एक व्यक्ति की ठंड से मौत हो गई।

5 और 6 जनवरी को पश्चिमी विक्षोभ के एक बार फिर एक्टिव होने के आसार जताए गए हैं। खासकर उत्तरी हरियाणा के पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल जिलों में मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है, जबकि कुछ अन्य जिलों में हल्की बारिश की संभावना है। जिसके कारण किसानों की परेशानी बढ़ सकती है।

दरअसल, पिछली बार बारिश के साथ खूब ओले भी गिरे थे। इन ओलों के कारण किसानों को भारी नुकसान झेलना पड़ा था।

राजकीय महाविद्यालय नारनौल के पर्यावरण क्लब के नोडल अधिकारी प्रोफेसर डॉ चंद्र मोहन ने बताया कि हरियाणा-दिल्ली में ठंड का ट्रिपल अटैक देखने को मिल रहा है। यहां लगातार कोल्ड डे की स्थिति बनी हुई है। आने वाले दिनों में भी ठंड का सिलसिला जारी रहने वाला है। 10 से 12 जनवरी के बीच एक और पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव होगा। इस बीच ठंड और बढ़ेगी।

चंद्र मोहन के अनुसार आज से हवाओं की दिशा में बदलाव देखने को मिलेगा। इससे रात के तापमान में हल्की बढ़त देखने को मिलेगी। हालांकि 7 जनवरी से एक बार फिर से तापमान में गिरावट आएगी।

धुंध के कारण प्रदेश में 24 घंटे में कई हादसे हुए। 5 जिलों में 19 वाहन टकरा गए। इसमें 2 की मौत हो गई, जबकि 8 लोग घायल हो गए। फतेहाबाद और करनाल में वाहनों ने 2 लोगों को कुचल दिया। वहीं नूंह में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर 8 वाहन आपस में टकरा गए। हिसार में 3 जगह सड़क हादसे हुए।

Exit mobile version