Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा के 8 जिलों में घना कोहरा:रोहतक-झज्जर में विजिबिलिटी 5 से 10 मीटर, पानीपत समेत 10 शहर मनाली से भी ठंडे

हरियाणा में तीसरे दिन लगातार घना कोहरा छाया हुआ है। रोहतक,हिसार, पानीपत, झज्जर, सोनीपत, जींद, पलवल और महेंद्रगढ़ समेत कई शहर कोहरे की चपेट में हैं। विजिबिलिटी 5 से 10 मीटर है।

बारिश की बूंदों की तरह कोहरा टपक रहा है। सड़कें गीली हो गई हैं। वाहन ड्राइवरों को लाइट जलाकर चलना पड़ रहा है। शीतलहर चल रही है।

हरियाणा की ठंड ने हिमाचल को भी पीछे छोड़ दिया है। करनाल में कुफरी जैसी ठंड है। करनाल का दिन का तामपान 13.0 डिग्री रहा जबकि कुफरी का तापमान 13.2 डिग्री है। इसी तरह प्रदेश के 9 शहर ऐसे हैं जो मनाली से भी ज्यादा ठंडे हैं इनमें अंबाला, करनाल, नारनौल, रोहतक, गुरुग्राम, जींद, कुरुक्षेत्र, पानीपत और सोनीपत जैसे जिले शामिल हैं।

इसके अलावा शिमला जैसी ठंड पूरे हरियाणा में ही देखी जा सकती है। शिमला का तापमान 17.2 डिग्री रहा, जबकि हरियाणा के ज्यादातर शहरों का तापमान 17 डिग्री से नीचे पहुंच गया है। मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में अभी ठंड से राहत की उम्मीद नहीं है।

मौसम विभाग की ओर से नई एडवाजरी जारी की गई है। इसमें 10 शहरों में आज कोल्ड डे की चेतावनी दी गई है। इन शहरों में सिरसा, हिसार, फतेहाबाद, भिवानी, जींद, पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, करनाल, पानीपत शामिल हैं।

सिरसा, हिसार, फतेहाबाद, भिवानी, जींद में हल्की धूप से थोड़ी राहत मिलेगी, लेकिन पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, करनाल, पानीपत में कोल्ड डे का अटैक पूरा दिन रहेगा। इसके अलावा भिवानी, रोहतक, चरखी दादरी और झज्जर में कोहरा रात के समय परेशानी का कारण बन सकता है।

पहाड़ों पर हो रही लगातार बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों पर ज्यादा दिख रहा है। उत्तर-पश्चिमी सर्द हवाओं ने ठिठुरन बढ़ा दी है। सुबह के समय कोहरा छाने और ठंडी हवाएं चलने से रात का तापमान तेजी से नीचे आया है। प्रदेश में हिसार के बालसमंद का न्यूनतम तापमान 2.3 डिग्री तक पहुंच गया।

Exit mobile version