Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा के 4 जिलों में घनी धुंध:11 में कोल्ड डे का ऑरेंज अलर्ट, दिन में बढ़ेगी ठंड; 2 दिन बाद फिर बारिश के आसार

हरियाणा के 4 जिलों हिसार, रोहतक, जींद और भिवानी में घनी धुंध छाई हुई है। विजिबिलिटी 10 से 20 तक मीटर है। इसके साथ 10 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं।

मौसम विभाग ने आज प्रदेश के 11 जिलों में कोल्ड डे का ऑरेंज अलर्ट जारी कर दिया है। इन जिलों में सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, कैथल, जींद, करनाल, कुरुक्षेत्र, पानीपत, रोहतक, सोनीपत, अंबाला शामिल हैं।

भिवानी, पंचकूला, यमुनानगर, चरखी दादरी, रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, गुरुग्राम, फरीदाबाद, मेवात और पलवल में धुंध का यलो अलर्ट जारी किया गया है। यहां भी ठंड के साथ धुंध छाएगी। प्रदेश में 15-16 जनवरी को फिर बारिश के आसार हैं।

वहीं रविवार को हिसार में जबरदस्त ठंड देखने को मिली। यहां दिन का तापमान करीब 7.8 डिग्री तक नीचे गिर गया। यहां दिन और रात के तापमान में लगभग 2.5 डिग्री का अंतर रहा। हिसार में दिन का तापमान 12 डिग्री वहीं रात का पारा 9.5 डिग्री देखने को मिला। इसके अलावा सिरसा में दिन का पारा 11.6 और महेंद्रगढ़ में 11.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

हिसार स्थित हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (HAU) के कृषि मौसम विज्ञान के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि आज से ठंड का तीसरा दौर शुरू होगा। इस महीने 20 दिन तक शीतलहर चलेगी। आज से तापमान में और गिरावट आएगी। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, लद्दाख में बर्फ पिघलने से ठंड का असर बढ़ेगा।

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक उत्तरी बर्फीली हवाएं सीधी मैदानी राज्यों की ओर बह रही हैं, इसके कारण हरियाणा में आने वाले दिनों में अधिकतर स्थानों पर एक बार फिर से दिन और रात के तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी। इससे पूरे इलाके में शीतलहर और कोल्ड डे की स्थिति देखने को मिलेगी। बारिश व बूंदाबांदी से वातावरण में एक बार नमी की मात्रा में बढ़ोतरी से ऊपरी सतह और निचले स्तर पर घनी धुंध भी छाएगी।

Exit mobile version