हरियाणा में बुधवार सुबह 15 जिलों में घनी धुंध छाई हुई है। इनमें सोनीपत, पानीपत, करनाल, कैथल, रोहतक, झज्जर, भिवानी, जींद, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, फरीदाबाद, नूंह और पलवल शामिल हैं। यहां विजिबिलिटी 0 से 10 मीटर के करीब है।
दिल्ली से चंडीगढ़ जाने के लिए इस्तेमाल होने वाले NH-44 (जीटी रोड) पर ड्राइविंग करना काफी रिस्की है। धुंध की वजह से वाहन रेंग कर चल रहे हैं। हालांकि, चंडीगढ़ और पंचकूला में मौसम साफ है। यहां धूप खिलने के आसार हैं।
उधर, आज से वेस्टर्न डिस्टरबेंस फिर एक्टिव हो रहा है। मौसम विभाग ने 18 जनवरी तक मौसम खराब रहने का अनुमान जताया है। राज्य में बादल छा सकते हैं, साथ ही हल्की बूंदाबांदी की भी संभावना है।
आज मौसम विभाग ने 12 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। इनमें सिरसा, हिसार, फतेहाबाद, भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, झज्जर, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, मेवात और पलवल शामिल हैं। सुबह और रात के समय घनी धुंध छा सकती है। बादल छाए रहने से 15 से 18 जनवरी तक दिन का तापमान सामान्य से नीचे जा सकता है।
हिसार स्थित चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (HAU) के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि हरियाणा में 19 जनवरी तक मौसम आमतौर पर परिवर्तनशील रहने की संभावना है। लगातार 2 कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से हवाओं में बीच-बीच में बदलाव से इस दौरान कहीं-कहीं आंशिक बादल और अलसुबह धुंध भी संभावित है।
इसके अलावा 15 जनवरी व 18 जनवरी को कुछ एक स्थानों पर छिटपुट बूंदाबांदी संभावित है, लेकिन बाद में मौसम आमतौर पर खुश्क तथा उत्तरी व उत्तर पश्चिमी ठंडी हवाएं हल्की गति से चलने से रात्रि तापमान में गिरावट आने की संभावना है।
