हरियाणा के 12 जिलों में घना कोहरा छाया हुआ है। पश्चिमी हरियाणा में राजस्थान के इलाकों सिरसा, फतेहाबाद और हिसार में विजिबिलिटी 50 मीटर से भी कम है। वहीं, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, रोहतक, सोनीपत, पानीपत, जींद और चरखी दादरी में विजिबिलिटी 50 से 100 मीटर तक है।

मौसम विभाग ने 16 नवंबर तक हरियाणा में कोहरे का ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किया है। 3 जिलों में घना कोहरा छाया रहेगा। जिसमें सिरसा, फतेहाबाद, हिसार शामिल हैं। वहीं 9 जिलों में येलो अलर्ट जारी हुआ है। जिनमें कुरूक्षेत्र, कैथल, करनाल, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, रोहतक, सोनीपत, पानीपत, जींद, चरखी दादरी शामिल हैं।

वहीं राज्य के 11 शहरों में मैक्सिमम वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 400 पार हो गया है। जींद में AQI 500 तक पहुंच गया है। जिसका मतलब है कि इसमें सांस लेने वाला व्यक्ति एक दिन में 20 से 25 सिगरेट पीने के बराबर धुआं अपने अंदर ले रहा है।

हरियाणा के 14 जिले एनसीआर में आते हैं। इनमें फरीदाबाद, गुरुग्राम, नूंह, रोहतक, सोनीपत, रेवाड़ी, झज्जर, पानीपत, पलवल, भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, जींद और करनाल शामिल हैं। GRAP 3 लागू करने का मकसद प्रदूषण को कम करना है।

हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार, हरियाणा में 17 नवंबर तक मौसम आमतौर पर परिवर्तनशील लेकिन शुष्क रहने की संभावना है। 15-16 नवंबर को पूर्वी हवाएं चलने के कारण बीच-बीच में आंशिक बादल छा सकते हैं और धुंध छा सकती है।

इसके बाद 17 नवंबर से फिर से मध्यम गति से उत्तर और उत्तर-पश्चिमी हवाएं चलने के कारण दिन का तापमान सामान्य के आसपास रहने की संभावना है और रात के तापमान में मामूली गिरावट आने की संभावना है।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!