Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा में डेंगू-मलेरिया के मामले बढ़े:21 जिलों में फैला संक्रमण, रेवाड़ी में सबसे ज्यादा केस; स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, एडवाइजरी जारी

हरियाणा में डेंगू और मलेरिया के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग की ताजा रिपोर्ट के अनुसार अब तक डेंगू के 365 और मलेरिया के 105 मामले सामने आ चुके हैं।

सबसे ज्यादा गंभीर स्थिति रेवाड़ी जिले की है, जहां डेंगू के अकेले 107 मामले दर्ज किए गए हैं। रेवाड़ी के अलावा गुरुग्राम में 49, पंचकूला में 17, करनाल में 26, सोनीपत में 25 और रोहतक में 24 मामले तेजी से बढ़ रहे हैं।

इन मामलों में बढ़ोतरी के कारण स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है और सभी जिलों को एडवाइजरी जारी की है। मरीजों के सैंपल अब प्रदेश की 27 परीक्षण प्रयोगशालाओं में भेजे जा रहे हैं और सैंपलिंग की प्रक्रिया भी तेज कर दी गई है।

प्रदेश का भिवानी जिला ऐसा है, जहां से अभी तक एक भी डेंगू का केस सामने नहीं आया है। जबकि दूसरी तरफ प्रदेश के अन्य 21 जिलों से डेंगू और मलेरिया के केस सामने आ रहे हैं। अंबाला से 4, चरखी दादरी से 9, फरीदाबाद से 8, फतेहाबाद से 1, हिसार से 10, झज्जर से 14, जींद से 9, करनाल से 9, कुरुक्षेत्र से 5, महेंद्रगढ़ से 10, नूह से 5. पलवल से 2, पानीपत से 13. सिरसा से 3 और यमुनानगर से 15 केस सामने आए हैं।

स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे आसपास पानी जमा न होने दें। पूरी बाजू के कपड़े पहने और बुखार की स्थिति में तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जांच कराएं। अधिकारियों के अनुसार मानसून के मौसम में डेंगू और मलेरिया के मामलों में बढ़ोतरी आम बात है, लेकिन इस बार रफ्तार कुछ अधिक देखी जा रही है। जिससे सतर्कता और जागरूकता बेहद जरूरी है।

Exit mobile version