Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक में पानी को लेकर लोगों का प्रदर्शन: पब्लिक हेल्थ के गेट पर दिया धरना, बोले- पीने तक का पानी नहीं

रोहतक की एकता कॉलोनी व प्रीत विहार के लोगों ने बिजली व पानी की समस्या को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। साथ ही जनस्वास्थ्य विभाग के गेट पर धरना भी दिया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि उन्हें पीने तक का पानी नसीब नहीं हो रहा। जिसके कारण लोग काफी परेशान है। साथ ही चेतावनी देते हुए कहा कि जल्द से जल्द उनकी समस्या का समाधान किया जाए।

लोगों के विरोध प्रदर्शन को देखते हुए जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों को समझाने का प्रयास किया। साथ ही आश्वासन दिया कि उनके यहां चल रही पानी की समस्या का जल्द ही समाधान कर दिया जाएगा। प्रीत विहार निवासी गिरधारी लाल ने कहा कि उनकी कॉलोनी में पिछले करीब 10 दिन से पीने का पानी नहीं आ रहा। इतनी गर्मी में पानी की सबसे ज्यादा जरूरत होती है। लेकिन पीने तक का पानी नसीब नहीं हो रहा। ऐसे में वे करें तो क्या करें। जब कभी पानी आता है तो वह काफी कम समय व गंदे पानी की सप्लाई होती है।

एकता कॉलोनी निवासी समंद्र देवी ने बताया कि पिछले करीब 3 माह से पीने के पानी की समस्या चल रही है। जिसके कारण उन्हें पीने का पानी खरीदकर पीना पड़ रहा है। 500-600 रुपए में पानी का टैंकर मंगवाकर पीने की व्यवस्था की जाती है। वहीं बिजली के कट भी लोगों को परेशान कर रहे हैं। चिलचिलाती गर्मी में बिजली के कट लगने के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।

Exit mobile version