Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

बिजनेसमैन से 30 लाख की रंगदारी मांगी:एजेंसी लेने के बहाने रोहतक बुलाकर पीटा; पैसे लेने आई लड़की रेवाड़ी पुलिस ने पकड़ी, 2 आरोपी हुए फरार

हरियाणा के रेवाड़ी जिले में लड़की के जरिए बिजनेसमैन को 2 युवकों ने एजेंसी लेने के बहाने संपर्क किया और फिर उसे रोहतक बुलाकर बंधक बना लिया। यहां चाकू की नोक पर उससे 30 लाख रुपए की रंगदारी मांगी गई। बिजनेसमैन ने डर के मारे रंगदारी की रकम देने की हामी भर दी।

युवती सहित तीनों आरोपी रंगदारी की रकम लेने के लिए बिजनेसमैन को लेकर रेवाड़ी पहुंचे, लेकिन यहां बिजनेसमैन के दोस्त को शक होने पर उसने पुलिस बुला ली। आरोपी लड़की को पकड़ लिया गया है, जबकि दोनों युवक भागने में कामयाब हो गए। सेक्टर-3 चौकी पुलिस लड़की से पूछताछ कर रही है।

मिली जानकारी के अनुसार, रेवाड़ी शहर की नई बस्ती में रहने वाले बृजेश अग्रवाल ने पतजंली के सामान और क्रैश सप्लाई का कारोबार है। वह एजेंसी दिलाने का भी काम करता है। बृजेश ने बताया कि 3 दिन पहले उसके मोबाइल पर एक अनजान नंबर से मैसेज आया। मैसेज के जरिए उससे हालचाल पूछा गया और फिर उसी नंबर से कॉल की गई।

कॉल करने वाली लड़की ने खुद का नाम पूजा सिंह बताया और कहा कि उसकी आगरा में बेकरी-बिस्कुट का काम है, उसे पतंजलि की एजेंसी चाहिए। बृजेश ने लड़की को आगरा में किसी भी तरह की सप्लाई या एजेंसी दिलाने से मना कर दिया। इसके बाद लड़की ने बताया कि वह गुरुग्राम में सेटअप लगा रहे है।

बृजेश ने बताया कि पूजा नाम की लड़की ने उसे कई बार कॉल की और बिस्कुट का सैंपल दिखाने को कहा। फिर उसे गुरुग्राम की बजाय एजेंसी लेने के बहाने रोहतक बुला लिया। बृजेश अपनी वैगनार कार लेकर रोहतक पहुंच गया। आरोपी लड़की ने उसके व्हाट्सअप पर लोकेशन भेजी। लड़की द्वारा भेजी गई लोकेशन पर वह पहुंच गया। यहां उसकी काफी देर बात हुई और फिर शातिर लड़की उसे अपने पार्टनर से मिलवाने की बात कहकर रोहतक में किसी जगह एक चार मंजिला मकान में ले गई। यहां एक कमरे में ले जाते ही बाहर से गेट बंद हो गए, जहां पहले से 2 युवक नकाब पहने बैठे थे।

बृजेश ने बताया कि आरोपियों ने वहां पहुंचते ही उसे बुरी तरह पीटना शुरू कर दिया। आरोपियों के पास चाकू था। आरोपियों ने कहा कि या तो 30 लाख रुपए मंगवा ले, वरना यहां तुझे और वहां तेरे परिवार को मरवा देंगे। दोनों आरोपियों ने अपने चेहरे से नकाब हटाया तो वे रेवाड़ी के ही रहने वाले कृष्णा और प्रदीप थे। दोनों को वह पहले से जानता है, उनसे 2-3 बार मिल भी चुका है। आरोपियों ने जबरन गुगल-पे के जरिए कुछ पैसे अपने अकाउंट में भी ट्रांसफर किए।

मार-पिटाई और आरोपियों की धमकी से डर के मारे बृजेश ने रेवाड़ी में अपने परिचितों से संपर्क साधा। बृजेश ने बताया कि उसने अपने 3-4 दोस्तों को पैसों के लिए कॉल की, लेकिन सभी ने एक ही सवाल किया कि आखिर उसे इतने पैसे इतनी जल्दी क्यों चाहिए। इसके बाद नई अनाज मंडी में रहने वाले एक व्यापारी दोस्त ने पैसे देने की हामी भर दी।

बृजेश के अनुसार, उसने उसे रेवाड़ी बुला लिया। इसके बाद लड़की और दोनों आरोपी एक कार में बैठाकर बुधवार की शाम बृजेश को लेकर नई अनाज मंडी पहुंच गए। व्यापारी की दुकान में घुसते ही बृजेश के चेहरे पर डर देख उसके दोस्त को शक हो गया। उसने पूछा तो बृजेश ने सबकुछ बता दिया।

बृजेश के दोस्त ने तुरंत सेक्टर-3 चौकी पुलिस को सूचना दी। आसपास के व्यापारी भी एकत्रित हो गए। व्यापारियों को एकत्रित होते देख दोनों आरोपी भाग गए, लेकिन लड़की को मौके पर ही व्यापारियों ने पकड़ लिया। इसके बाद मौके पर पहुंची सेक्टर-3 चौकी पुलिस ने लड़की को हिरासत में लिया। पुलिस की टीमें लड़की से पूछताछ करने में जुटी हैं। साथ ही फरार दोनों आरोपियों की तलाश में छापामारी की जा रही।

सेक्टर-3 चौकी इंचार्ज अजय कुमार ने बताया कि आरोपी लड़की पूजा को गिरफ्तार कर लिया गया है। फरार दोनों आरोपियों की तलाश की जा रही है। आरोपियों पर धारा 365, 384, 506, 34 IPC के तहत केस दर्ज किया गया है। फरार आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Exit mobile version