Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

शादी के 4 दिन बाद ही दुल्हन से मांगे 2 लाख…मारपीट कर घर से निकालापति ने शराब पीकर की मारपीट


हरियाणा के भिवानी की रहने वाली एक विवाहिता ने उत्तर प्रदेश के बिजनौर में अपने पति और ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि शादी के महज चार दिन बाद ही उससे 2 लाख रुपए दहेज लाने की मांग की जाने लगी। मांग पूरी न होने पर उसके साथ मारपीट की गई, मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया तथा कई बार घर से निकाल दिया गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पतराम गेट निवासी रुकसाना ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका निकाह 6 दिसंबर 2025 को शाहबाज उर्फ सोनू के साथ मुस्लिम रीति-रिवाज से हुआ था। निकाह में उसके परिवार ने करीब 5 लाख रुपए खर्च किए। इसके अलावा 86 हजार रुपए नकद, सोने-चांदी के आभूषण और घरेलू सामान भी दिया गया। मेहर की रस्म में 30 हजार रुपए तय किए गए थे और निकाह में दिया गया सारा सामान ससुराल वालों को अमानत के तौर पर सौंप दिया गया था। निकाह के बाद वह अपने पति के साथ उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के चार्देपुर गांव में रहने लगी।

शराब पीकर करता था मारपीट

पीड़िता का आरोप है कि शादी के कुछ दिन बाद ही पति का व्यवहार बदल गया। वह शराब और अन्य नशीले पदार्थों का सेवन कर देर रात घर आता था और परिवार के उकसावे में आकर उसके साथ मारपीट करता था। ससुराल पक्ष के लोग भी उसे लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करते रहे।

2 लाख रुपए लाने का बनाया दबाव

रुकसाना के अनुसार, पति ने उसे मायके से 2 लाख रुपए लाने के लिए धमकाया। पैसे नहीं लाने पर घर से निकालने की चेतावनी दी गई। 10 दिसंबर 2025 की रात करीब 10 बजे पति ने अपनी मां, मौसी और भाइयों के साथ मिलकर उसके साथ मारपीट की और घर से बाहर निकाल दिया। वह कई घंटे तक घर के बाहर रोती रही, जिसके बाद पड़ोसियों ने उसकी मदद की।

घर में बंद कर देता था पति

पीड़िता ने शिकायत में बताया कि उसका पति रोजाना उसके साथ मारपीट करता और उसे घर में बंद कर ताला लगाकर चला जाता था। जब उसने अपने मायके वालों को पूरी घटना बताई तो 28 दिसंबर 2025 को उसकी मां और भाई ससुराल पहुंचे और समझाने का प्रयास किया, लेकिन ससुराल पक्ष का रवैया नहीं बदला। उल्टा उनके साथ भी अभद्र व्यवहार और मारपीट की गई।

जान से मारने की दी धमकी

महिला का आरोप है कि जब उसने पुलिस में शिकायत करने की बात कही तो ससुराल वालों ने उसे कमरे में बंद कर दिया और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद भी प्रताड़ना जारी रही। 16 जनवरी 2026 को पति ने फिर मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया। सूचना मिलने पर उसका भाई उसे मायके ले आया।

पुलिस ने दर्ज किया मामला

पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने पति और ससुराल पक्ष के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, मारपीट और अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version