Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा में 16 जुलाई को सभी प्राइवेट स्कूल बंद रखने की मांग:हिसार में प्रिंसिपल की हत्या पर रोष के कारण फैसला

हिसार जिले के बास गांव में गुरु पूर्णिमा पर करतार मेमोरियल सीनियर सेकेंडरी स्कूल के प्रिंसिपल जगबीर पानू की हत्या के विरोध में प्राइवेट स्कूल संघ हरियाणा ने 16 जुलाई को प्रदेशभर के सभी प्राइवेट स्कूलों को बंद रखने का फैसला लिया है। HBSE और CBSE से जुड़े स्कूलों की सभी यूनियनों ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह घोषणा की। सभी जिलों में डीसी को ज्ञापन देने का निर्णय लिया गया।

हरियाणा प्राइवेट स्कूल संघ के प्रदेशाध्यक्ष सत्यवान कूंडू ने मांग की है कि प्रिंसिपल को शहीद का दर्जा दिया जाए और उनके परिवार को सरकार की ओर से एक करोड़ रुपए का मुआवजा दिया जाए। यूनियन पदाधिकारियों ने कहा कि आजकल शिक्षकों में डर का माहौल है कि बच्चों को कुछ कहने पर कहीं कोई अनहोनी न हो जाए। उन्होंने शिक्षकों की सुरक्षा के लिए विशेष कानून बनाने की मांग की है।

गौरतलब है कि 10 जुलाई को गुरु पूर्णिमा के दिन स्कूल के चार छात्रों ने बातचीत के बहाने प्रिंसिपल को बुलाकर चाकू से हमला कर हत्या कर दी थी। पुलिस ने 11 जुलाई को चारों नाबालिग आरोपियों को मुंढाल बस स्टैंड से गिरफ्तार कर 12 जुलाई को बाल सुधार गृह भेज दिया। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने दो दिन पहले ही हत्या की योजना बनाई थी।

हिसार के करतार मेमोरियल सीनियर सेकेंडरी स्कूल, बास के संचालक जगबीर पानू की हत्या के विरोध में प्राइवेट स्कूलों के संगठन एकजुट हो गए हैं। इससे पहले रविवार को प्रदेश के विभिन्न प्राइवेट स्कूल संगठनों के पदाधिकारियों ने हांसी में भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली से मुलाकात की। संघ ने मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपियों को कड़ी सजा की मांग की। अब 16 जुलाई को स्कूल बंद रखने का फैसला लिया है।

प्राइवेट स्कूल संघ के प्रदेशाध्यक्ष सत्यवान कूंडू ने कहा कि आज शिक्षक बच्चों को डांटने से डरते हैं। यूनियन पदाधिकारियों ने स्कूलों में सुरक्षा प्रावधानों की मांग की है।

Exit mobile version