Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

कुरुक्षेत्र में गीता महोत्सव को लेकर संस्थाओं से मंथन:CM सैनी और स्वामी ज्ञानानंद शामिल, कार्यक्रम की रूपरेखा होगी तय

हरियाणा के कुरुक्षेत्र में 11वें अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव की तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी गुरुवार को गीता ज्ञान संस्थानम् में धार्मिक, सामाजिक और व्यापारिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों के साथ बैठक करने के लिए पहुंच चुके है। बैठक में महोत्सव के आयोजन, व्यवस्थाओं और कार्यक्रमों को लेकर चर्चा की जाएगी।

इससे पहले कुरुक्षेत्र पहुंचने पर सीएम सैनी ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कनीपला में लगी चित्र प्रदर्शनी, पेंटिंग और रंगोली का किया अवलोकन किया। सेवा संकल्प अभियान 17 अक्टूबर तक चलेगा। इसका उद्देश्य प्रदेशभर में सेवा, स्वास्थ्य, स्वच्छता और विकास का संदेश पहुंचाना है।

हाल ही में PM मोदी के जन्मदिन पर मुख्यमंत्री ने ब्रह्मसरोवर के दक्षिणी छोर पर सर्किट हाउस बनाने का ऐलान किया था।

मुख्यमंत्री की घोषणा के मुताबिक, सर्किट हाउस पर 120 करोड़ रुपए खर्च किए जाने हैं। इसे ब्रह्मसरोवर के दक्षिणी गेट पर बनाया जाएगा। सरकार कुरुक्षेत्र में पर्यटन और तीर्थाटन को बढ़ावा देने के लिए काम कर रही है। 17 सितंबर को PM मोदी के जन्मदिवस पर मुख्यमंत्री ने घोषणा की थी।

पिछले साल यानी 2025 में अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव 15 नवंबर से 5 दिसंबर तक चला था। महोत्सव के मुख्य कार्यक्रम 24 नवंबर से 1 दिसंबर तक आयोजित किए गए थे। इस दौरान ब्रह्मसरोवर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम, गीता यज्ञ, अंतरराष्ट्रीय गीता संगोष्ठी, गीता पाठ, संत सम्मेलन, शिल्प मेला और दीपोत्सव समेत कई कार्यक्रम हुए।

पिछले साल महोत्सव के दौरान 25 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कुरुक्षेत्र पहुंचे थे। उन्होंने ज्योतिसर में महाभारत अनुभव केंद्र का दौरा किया और भगवान श्रीकृष्ण के शंख के सम्मान में बनाए गए ‘पांचजन्य’ का उद्घाटन किया। इसके बाद गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस के कार्यक्रम में हिस्सा लिया।

प्रधानमंत्री ने ब्रह्मसरोवर में दर्शन और पूजा भी की थी। पहली बार कोई प्रधानमंत्री गीता महोत्सव में हिस्सा लेने आए थे। मोदी ने यहां ब्रह्मसरोवर पर आरती भी की थी।

अब 11वें अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव को लेकर मुख्यमंत्री की धार्मिक, सामाजिक और व्यापारिक संस्थाओं के साथ बैठक है। इसमें महोत्सव के स्वरूप, व्यवस्था और कार्यक्रम को लेकर चर्चा होनी है। इस बैठक के बाद मुख्यमंत्री महोत्सव को लेकर जानकारी देंगे।

Exit mobile version