Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

सोनीपत में दिल्ली पुलिस के जवान की हादसे में मौत:ड्यूटी से घर लौटते वक्त बहालगढ़ के पास अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर

हरियाणा के सोनीपत में बहालगढ़ रोड पर एक अस्पताल के सामने अज्ञात वाहन की टक्कर से दिल्ली पुलिस के जवान की मौत हो गई। जवान सोनीपत के गांव आहूलाना का रहने वाला था। वह शनिवार रात को स्कूटी पर सवार होकर ड्यूटी से वापस लौट रहा था। बहालगढ़ में उसे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी और उसकी मौत हो गई। पुलिस ने परिजनों के बयानो के आधार पर अज्ञात वाहन चालक पर गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज कर लिया है। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप कर पुलिस मामले की आगामी कार्रवाई में जुट गई है।

सोनीपत के सेक्टर 27 थाना पुलिस को दी शिकायत में जयभगवान सिंह ने बताया कि वह आहूलाना के रहने वाले हैं और गांव में ही खेती करते हैं। उनका एक मकान मेपसिको सिटी में भी है। उनका बड़ा लड़का प्रदीप कुमार दिल्ली पुलिस में जवान था। वह अपने मेपसिको सिटी वाले घर से ही ड्यूटी करता था। शनिवार रात को करीब साढ़े दस बजे वह दिल्ली से ड्यूटी करके अपनी स्कूटी से लौट रहा था। जयभगवान सिंह ने बताया कि उसी समय वह भी अपने समधी चंद्रफूल सिंह की कार से दिल्ली से लौट रहे थे। उनकी कार के सामने प्रदीप अपनी स्कूटी से चल रहा था। जब वह बहालगढ़ रोड पर फिम्स अस्पताल के सामने पहुंचा तो पीछे से आए एक तेज रफ्तार वाहन ने स्कूटी को टक्कर मार दी।

इससे प्रदीप सड़क पर जा गिरा और उसके सिर में गंभीर चोट लग गई। राहगीरों की मदद से उसको तत्काल अस्पताल ले जाया गया। जहां जांच के दौरान चिकित्सकों ने उसको मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने प्रदीप का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस फिम्स अस्पताल के बाहर लगे सीसीटीवी की मदद से हादसा करने वाले वाहन का पता लगाने का प्रयास कर रही है।

पिता ने बताया कि प्रदीप दो भाइयों में बड़ा था। प्रदीप 2010 में दिल्ली पुलिस में भर्ती हुआ ‌था। वह फिलहाल दिल्ली में बटालियन 4 में बतौर कांस्टेबल तैनात था। वह दो बच्चों का पिता था। दो बच्चों में एक बेटा व एक बेटी है। प्रदीप का छोटा भाई प्रवेश है, जो कि आर्मी में तैनात है।

Exit mobile version