Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

दिल्ली चुनाव, भाजपा का संकल्प पत्र जारी:LPG सब्सिडी 500 रुपए, होली-दिवाली पर एक-एक सिलेंडर मुफ्त; महिलाओं को हर महीने 2500 रुपए

आखिरकार भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने भी दिल्ली में मुफ्त योजनाओं को आगे बढ़ाने का ऐलान कर ही दिया। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने दिल्ली विधानसभा चुनावों के लिए बीजेपी का संकल्प पत्र जारी करते हुए कहा कि हमारी सरकार बनी तो महिला समृद्धि योजना के तहत दिल्ली की महिलाओं को प्रति माह 2,500 रुपये दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि दिल्ली में लागू जनकल्याण की योजनाओं को भी जारी रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि दिल्ली में आयुष्मान भारत योजना 5 रुपये की राशि में 5 लाख रुपये और जोड़ा जाएगा। इसी तरह, प्रधानमंत्री वय वंदन योजना की राशि को बढ़ाकर 10 लाख रुपये किया जाएगा।

दिल्ली में बिजली-पानी और महिलाओं के लिए बस यात्रा फ्री रहेगी। बीजेपी ने अपने घोषणा पत्र में यह वादा किया है। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने घोषणा पत्र के प्रमुख बिंदुओं की जानकारी देते हुए कहा कि बीजेपी दिल्ली में जन कल्याण की सारी योजनाओं को बरकरार रखेगी।
महिला समृद्धि योजना के तहत महिला समृद्धि योजना के तहत बीजेपी दिल्ली की महिलाओं को प्रति माह 2,500 रुपये दी जाएंगी। वहीं, गरीब परिवारों को एलपीजी सिलेंडर पर 500 रुपये की सब्सिडी दी जाएगी जबकि होली और दिवाली में एक-एक गैस सिलेंडर फ्री दिया जाएगा।

बीजेपी ने दिल्ली के बुजुर्ग मतदाताओं को लुभाने पर भी खास ध्यान दिया है। नड्डा ने कहा कि 60 से 70 वर्ष के बुजुर्गों के लिए पेंशन की राशि 2,000 रुपये से बढ़ाकर, 2,500 रुपये की जाएगी। वहीं, 70 वर्ष से ऊपर के बुजुर्गों, विधवाओं, दिव्यांगों आदि की पेंशन 2,500 से बढ़ाकर 3,000 रुपये की जाएगी।

दिल्ली विधानसभा चुनावों के लिए आम आदमी पार्टी (AAP) और कांग्रेस ने अभी अपना-अपना घोषणा पत्र जारी नहीं किया है। हालांकि, दोनों दलों ने दिल्ली की जनता से कई वादे कर लिए हैं। आप ने जहां फ्री बिजली, पानी और महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा को बरकरार रखते हुए महिलाओं, पुजारियों और ग्रंथियों को निश्चित मासिक राशि देने का वादा किया है। आप ने दिल्ली की महिलाओं को 2,100 रुपये प्रति माह जबकि पुजारियों और ग्रंथियों को 18 हजार रुपये प्रति माह देने का वादा किया है।

उधर, कांग्रेस पार्टी ने दिल्ली की महिलाओं को हर महीने 2,500 रुपये देने का ऐलान किया है। पार्टी ने कहा कि उसकी सरकार बनने पर दिल्ली में फ्री बिजली-पानी और बस यात्रा की मौजूदा योजनाओं को कायम रखा जाएगा।

Exit mobile version