हरियाणा के कुरुक्षेत्र में भारतीय किसान यूनियन (चढूनी ) ने दिल्ली-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे-44 (जीटी रोड) जाम कर दिया। किसानों ने शाहाबाद में धान की सरकारी खरीद नहीं होने का आरोप लगाया। इसके विरोध में किसान बीच हाईवे पर बैठे है, जिससे दोनों तरफ हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लगी है।
करीब दो घंटे से हाईवे पर जाम लगा है। किसान नेता गुरनाम सिंह चढ़ूनी भी मौके पर पहुंच गए है। उन्होंने कहा कि 22 सितंबर से सरकार ने धान की खरीद शुरू कर दी, मगर गरीब किसानों की फसल अभी तक नहीं उठी। जब एक पोरी (कटोरी) अभी तक नहीं उठी, तो खरीद कहां हुई?
इससे पहले नाराज किसानों ने नारेबाजी कर मार्केट कमेटी कार्यालय के पास धरना लगाया। सूचना पाकर शाहाबाद की SDM चिनार चहल मौके पर पहुंचीं और नाराज किसानों को समझाने की कोशिश की। दोनों पक्ष के बीच करीब 2 घंटे की बातचीत हुई। बातचीत विफल होने पर किसानों ने दिल्ली-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे-44 (जीटी रोड) जाम लगा दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन अलर्ट हो गया। किसानों को रोकने के लिए पुलिस प्रशासन की ओर से लाडवा रोड पर बैरिकेडिंग कर दी, लेकिन किसान दूसरे रास्ते और गलियों से निकल कर जीटी रोड पर जाने लगे। किसानों ने शिव मंदिर के पास जीटी रोड जाम कर दिया। पुलिस प्रशासन ट्रैफिक को डायवर्ट कर रहा है।
