Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

‘अग्निपथ’ के खिलाफ दीपेंद्र हुड्‌डा लिखेंगे PM मोदी को चिट्‌ठी- किरण चौधरी और कुंडू ने भी जताई आपत्ति

अग्निपथ योजना को लेकर विपक्ष ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। कांग्रेस के राज्यसभा सांसद दीपेंद्र हुड्‌डा ने इस मामले को लेकर पीएम नरेंद्र मोदी को चिट्‌ठी लिखने का फैसला किया है।

राज्यसभा सांसद कार्तिकेय शर्मा ने कहा कि इस फैसले से देश के युवाओं को नए आयाम मिलेंगे। हरियाणा के युवाओं के खून में राष्ट्रवाद है और ऐसे युवाओं के लिए यह बहुत बड़ी उपलब्धि है। हरियाणा सरकार द्वारा 4 वर्ष की नौकरी के बाद इन युवाओं को नौकरियों में प्राथमिकता देने का फैसला भी सराहनीय है।

कांग्रेस के राज्यसभा सांसद दीपेंद्र हुड्‌डा ने कहा कि सरकार अग्नि पथ योजना को तुरंत वापस ले। यह देश की सुरक्षा के लिए हित में नहीं है। न ही युवाओं के हित में है। 4 साल में पहला साल ट्रेनिंग में जाएगा। राष्ट्र के प्रति देश रक्षा के लिए जो संकल्प है, उसका अपमान है। मैंने संसद में भर्ती खोलने का प्रश्न उठाया था। सरकार इसे संसद में व्यापक चर्चा के लिए रखें, मैं चिट्‌ठी लिखूंगा।

वहीं तोशाम की विधायक किरण चौधरी ने कहा कि कभी सुना था कि फौजी ठेके पर रखे जाएंगे? न्यू इंडिया में अब अग्निपथ योजना के तहत आर्मी, नेवी और एयरफोर्स में 4 साल के लिए भर्ती होगी। ठेके पर फौज में भर्ती करना युवाओं के देश प्रेम की भावना से खिलवाड़ नहीं तो और क्या है?

महम के निर्दलीय विधायक बलराज कुंडू ने अग्निपथ योजना युवाओं के भविष्य के साथ अन्याय है। मेरा देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से अनुरोध है कि इस पर दोबारा विचार किया जाए और इसे दुरुस्त किया जाए।

Exit mobile version