हरियाणा के गुरुग्राम में दिल्ली-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-48) स्थित इफ्को चौक के पास सर्विस लेन की झाड़ियों से करीब 30 वर्षीय महिला का सड़ी-गली हालत में शव बरामद हुआ है। शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। हालांकि शुरुआती जांच के बाद पुलिस ने फिलहाल हत्या की आशंका से इनकार किया है। मौत के सही कारण का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
रैपिड रेल के सर्वे के दौरान मिला शव
मंगलवार को राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (NCRTC) की टीम रैपिड रेल कॉरिडोर के लिए जमीन की निशानदेही कर रही थी। इसी दौरान कर्मचारियों को झाड़ियों से तेज दुर्गंध आई। जब उन्होंने पास जाकर देखा तो वहां एक महिला का शव पड़ा मिला। कर्मचारियों ने तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी।
पुलिस और फोरेंसिक टीम ने जुटाए सबूत
सूचना मिलते ही सेक्टर-29 थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी भेज दिया। मौके से फोरेंसिक टीम ने कई अहम साक्ष्य भी जुटाए हैं।
शरीर पर चोट के निशान, लेकिन हत्या की पुष्टि नहीं
प्रारंभिक जांच में महिला के शरीर पर कुछ चोटों के निशान मिले हैं। पुलिस का कहना है कि ये चोटें सड़क दुर्घटना या झाड़ियों में गिरने से भी हो सकती हैं। फिलहाल ऐसी कोई चोट नहीं मिली है जिससे हत्या की पुष्टि हो सके। मौत का वास्तविक कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगा।
अस्त-व्यस्त हालत में मिली साड़ी
घटनास्थल पर महिला की साड़ी शरीर से खिसकी हुई और पैरों की ओर बिखरी मिली। पुलिस का अनुमान है कि शव लंबे समय तक खुले में पड़े रहने के कारण किसी जानवर ने कपड़ों को अस्त-व्यस्त किया हो सकता है। फोरेंसिक टीम ने साड़ी और अन्य जैविक नमूने जांच के लिए कब्जे में लिए हैं। साथ ही मिट्टी और घास के पैटर्न की भी जांच की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि शव को कहीं और से लाकर यहां फेंका गया या नहीं।
हाथ पर बने टैटू से होगी पहचान की कोशिश
महिला के हाथ पर कुछ टैटू मिले हैं, लेकिन शव पुराना होने के कारण वे स्पष्ट नहीं दिख रहे। फोरेंसिक विशेषज्ञ टैटू को स्पष्ट करने का प्रयास कर रहे हैं। पुलिस को उम्मीद है कि इनके आधार पर मृतका की पहचान करने में मदद मिल सकती है।
गुमशुदगी के रिकॉर्ड और CCTV खंगाल रही पुलिस
सेक्टर-29 थाना प्रभारी सतेंद्र ने बताया कि फिलहाल महिला की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के जिलों और पड़ोसी राज्यों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों का मिलान कर रही है। इसके अलावा इफ्को चौक और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि महिला वहां कब और किन परिस्थितियों में पहुंची थी।

