Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा की मशहूर रागनी कलाकार सरिता चौधरी की संदिग्ध मौत- घर में संदिग्ध हालात में मिला शव

हरियाणवी लोक गायिका सरिता चौधरी की सोमवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव सोनीपत के सेक्टर-15 स्थित घर पर मिला। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर कमरे का दरवाजा तोड़ा तो वह बैड पर लेटी थी और मुंह से खून निकला हुआ था। शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल में रखा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में ही मौत के कारण का खुलासा होगा। पुलिस छानबीन में लगी है।

सरिता चौधरी राजकीय स्कूल में मुख्याध्यापिका थी। वर्तमान में उसकी ड्यूटी सेक्टर-12 के प्राइमरी स्कूल में थी। इसके अलावा वह हरियाणा की प्रसिद्ध लोक गायिकाओं में से एक थी। हरियाणा रागनी और स्टेज शो में उसका खूब नाम था। वह अभी सोनीपत के सेक्टर-15 हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में रह रही थी। सोमवार सुबह उसका भाई सन्नी घर पहुंचा तो उसके कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। काफी आवाज देने के बाद भी अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई।

आसपास के लोगों की मौके पर भीड़ लग गई। पुलिस भी सूचना के बाद वहां पहुंची और दरवाजा तोड़ कर अंदर गई तो बैड पर सरिता चौधरी का शव पड़ा हुआ था। FSL की टीम को मौके पर बुलाया गया।

टीम ने शव का गहनता से मुआयना किया और इस बात का पता लगाने का प्रयास किया कि यह आत्महत्या है या फिर हत्या की गई है। पुलिस ने मौके से सबूत जुटाने और छानबीन के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भेजा।

Exit mobile version