Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

डेरा सच्चा सौदा की महिला डॉक्टर की मौत: डिवाइडर तोड़कर पलटी गाड़ी, साथ बैठा पति सुरक्षित; परिजनों ने दामाद पर लगाए नशा करने के आरोप, बोले- उसी ने मारा

सिरसा में शुक्रवार देर रात बेगू रोड पर एक तेज रफ्तार गाड़ी पलट गई। गाड़ी ने कई पलटियां खाई। इससे कार में सवार डेरा सच्चा सौदा के अस्पताल में तैनात डॉक्टर पायल की मौत हो गई। हादसे के समय पति विशाल गाड़ी चला रहा था। वह सुरक्षित है। पुलिस को प्राथमिक दृष्टि में मामला संदिग्ध लग रहा है। वहीं परिजनों ने अपने दामाद पर हत्या के आरोप लगाए हैं।

मृतका के परिजनों का कहना है कि सवा महीने पहले ही पायल की शादी विशाल के साथ हुई थी। दोनों कल अंबाला से चले थे। उन्हें डेरे में जाना था, जबकि उनकी गाड़ी विपरीत दिशा में डेरे से शहर की ओर आ रही थी। हमारी बेटी को दो घंटे पहले मार दिया। परिजनों ने दामाद विशाल पर नशा करने के आरोप लगाए। विशाल का क्रिमिनल रिकॉर्ड है।

पायल की मां ने कहा कि उसकी बेटी मर गई और उसके पति को चोट नहीं आई। ऐसे कैसे हो सकता है। उसे पत्नी की मौत का कोई गम नहीं है। पायल की माँ ने यह भी बताया कि उसने डेढ़ महीने पहले सारा गोल्ड बेच दिया था। पायल की बहन मार्टिना ने बताया कि एक हफ्ते पहले भी विशाल पायल के साथ घर आया था। मुझे कह रहा था कि तू ज्यादा सुंदर है। मेरे भाई को कह रहा था कि तू इतना मायूस है कि किसी का मर्डर भी कर दे तो भी कोई मान नहीं सकता।

परिजनों ने बताया कि पायल डेरे के अस्पताल में डॉक्टर थी। वहीं पर विशाल ने उसके देखा। इसके बाद उसने शादी का ऑफर रखा। पायल ने घर पर आकर बात बताई। इसी दौरान विशाल अपनी मां को लेकर उनके घर पर आ गया। सवा महीना पहले ही शादी हुई थी। वहीं पुलिस को प्राथमिक दृष्टि में मामला संदिग्ध लग रहा है। पुलिस जांच जुटी है।

Exit mobile version