फ़रीदाबाद में ख़ुशी का माहौल मातम में बदल गया। आपको बता दें कि बीती रात सेक्टर 12 में टाउन पार्क के सामने एक हादसा सामने आया। बताया जा रहा है कि इस हादसे में एक थार गाड़ी ने एक स्कूटर सवार को टक्कर मार दी। स्कूटर पर चार लोग सवार थे। जिसमें एक पिता, दो बेटियां और मां मौजूद थीं।
सभी लोग 1 साल की बेटी का जन्मदिन टाउन पार्क में मनाने जा रहे थे। लेकिन मासूम बच्ची अपना एक साल का जन्मदिन भी नहीं मना पाई और रास्ते में हादसे का शिकार हो गई।
परिजनों का कहना है कि छोटी बेटी दिशा, पिता दयानंद, मां दिव्या और बड़ी बेटी भूमि चारों बाइक पर सवार हो कर शिव कॉलोनी बल्लभगढ़ से सेक्टर 12 टाउन पार्क में छोटी बेटी का जन्मदिन मनाने के लिए जा रहे थे। तभी मौक़े पर तेज रफ़्तार थार ने स्कूटी में टक्कर मार दी। जहां मौके पर ही बेटी दिशा और पिता दयानंद की मृत्यु हो गई।
जबकि दूसरी बेटी और मां अभी पार्क हॉस्पिटल में वेंटिलेटर पर है।परिजनों का कहना है कि रात ही पुलिस को थार गाड़ी का नंबर दे दिया गया था। लेकिन अभी तक भी कोई कार्रवाई नहीं हो पाई है।
जबकि पुलिस का कहना है कि देर रात परिजनों ने कोई बयान नहीं दिए थे। सुबह परिजनों के बयानों के आधार पर तुरंत प्रभाव से FIR दर्ज कर ली गई है। और जल्द ही थार चालक को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
