Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

शादी समारोह में गए व्यक्ति की संदिग्ध हालात में मौत- पुलिया से नीचे मिला शव व बाइक

हरियाणा के नारायणगढ़ में शादी समारोह में गए व्यक्ति की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। पुलिया से नीचे उसकी बाइक और शव मिला, जिसे राहगीरों ने सोमवार सुबह देखा। मृतक की पहचान नारायणगढ़ के गांव जंगूमाजरा निवासी 32 वर्षीय नरेश कुमार के रूप में हुई। नरेश के चेहरे पर गहरे जख्म थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए नारायणगढ़ अस्पताल में रखवा दिया। परिजनों व स्थानीय लोगों से बातचीत कर मामले की जांच शुरू कर दी।

नारायणगढ़ थाने के जांच अधिकारी जय गोपाल ने बताया कि नरेश की मौत मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। प्राथमिक जांच में सड़क हादसा ही सामने आया है। परिजनों के बयानों पर ही आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। परिजनों के मुताबिक, मृतक रविवार को अपने गांव से ही कुछ दूरी पर एक शादी समारोह में गया था।

नरेश का शादी से वापस लौटने का परिजन घर पर इंतजार कर रहे थे। देररात तक नरेश कुमार घर नहीं लौटा तो परिजनों ने अपने स्तर पर तलाश शुरू कर दी। दोस्तों व रिश्तेदारों से भी संपर्क किया। बावजूद कोई सुराग नहीं लगा। सुबह पता चला कि नरेश की बाइक व शव पुलिया से नीचे पड़ा है। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टर ने प्राथमिक जांच में मृत घोषित कर दिया।

Exit mobile version