रोहतक के गांव बलंभा में सोमवार रात को एक व्यक्ति की जन्मदिन के दिन सड़क हादसे में मौत हो गई। घर में सब पार्टी की तैयारी कर रहे थे साथ ही उस शख्स का बेसब्री से इन्तजार भी हो रहा था लेकिन उपरवाले को शायद कुछ और ही मंजूर था। मृतक भी ड्यूटी खत्म करके घर ही आ रहा था कि उसकी बाइक को एक कार ने टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

मृतक की पहचान गांव बलंभा निवासी प्रवीण के रूप में हुई है, जो कैंटर चालक था। प्रवीन का जन्म 46 वर्ष पूर्व 10 अक्टूबर 1976 को हुआ था। इत्तेफाकन जिस दिन प्रवीण ने जन्म लिया, उसी दिन मौत भी हो गई। परिवार वाले प्रवीण के जन्मदिन पर खुशियां मनाने की तैयारी में थे, लेकिन उन्हें क्या पता था कि अब प्रवीण लौटकर ही नहीं आएगा। खुशियां मातम में बदल गईं।

गांव बलंभा निवासी सुनील कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वे तीन बहन भाई हैं। वह सबसे छोटा है और मृतक प्रवीण उसका सबसे बड़ा भाई है। प्रवीण को 2 बच्चे एक बेटा व एक बेटी है। वह करीब 10 साल से कॉटन फैक्ट्री में कैंटर चालक था। सोमवार को प्रवीण किसी काम से महम गया हुआ था और रात करीब 9-10 बजे वापस आ रहा था कि हादसे का शिकार हो गया।

सुनील ने बताया कि उसका भाई प्रवीन ड्यूटी खत्म करके महम गया था और गांव बलंभा आ रहा था। घर में पार्टी थी, लेकिन रास्ते में बलंभा के नजदीक ही पीछे से एक तेज रफ्तार कार आई और उसने प्रवीन की बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। प्रवीन बाइक से उछलकर गिरा और गंभीर चोटें लगीं। मोटर साइकिल भी क्षतिग्रस्त हो चुकी थी।

सुनील ने बताया कि हादसे की सूचना राहगीरों ने प्रवीण के मोबाइल से परिजनों को दी। वे मौके पर पहुंचे और प्रवीन को उपचार के लिए महम अस्पताल ले गए, लेकिन चिकित्सकों ने प्रवीण को मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची व सुनील के बयान पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!