रोहतक। शहर की पुरानी अनाज मंडी के पास माल गोदाम रोड ढाबे के कर्मचारी बीरबल साहनी की रविवार रात दो युवकों ने पत्थर मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने एक आरोपी शिव को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। इस संबंध में सिटी थाने में एफआईआर दर्ज की गई है।
बिहार निवासी शंकर ने बताया कि वह परिवार सहित माल गोदाम के पास रहते हैं। उनके बड़े भाई बीरबल साहनी (55) नजदीक स्थित अशोक साहनी ढाबे पर हेल्पर के तौर पर काम करते थे।
रविवार रात करीब 12 बजे ढाबा बंद होने के बावजूद ट्रांसपोर्टर कंपनी में ड्राइवर का काम करने वाला बिहार निवासी राजू वहां मौजूद था। बीरबल ने राजू से कहा कि ढाबा बंद हो चुका है इसलिए वह वहां से चला जाए। इसी बात को लेकर दोनों के बीच झगड़ा हो गया।
आरोप है कि राजू ने अपने साथी बिहार निवासी शिव को बुला लिया। इसके बाद दोनों ने बीरबल साहनी पर पत्थरों से हमला कर उन्हें घायल कर दिया। परिजनों ने उन्हें पीजीआई में भर्ती कराया जहां सोमवार सुबह उनकी मौत हो गई।
सिटी थाना पुलिस ने बताया कि एक व्यक्ति की अनाजमंडी के पास मौत होने की सूचना मिली थी। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत पर 2 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस मामले में जांच कर रही है।

