रोहतक में रोडवेज की किलोमीटर स्कीम के तहत चल रही बस के ड्राइवर पर जानलेवा हमला किया गया। जिसमें बस के चालक के पांव पर लोहे के सरिए से हमला करके तोड़ दिया। जिसका हांसी के अस्पताल में उपचार चल रहा है। मामले की शिकायत पुलिस को दी गई। पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी।
गांव सैमाण निवासी अरुण सिवाच ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह वर्ष 2008 से महम के वार्ड नंबर 3 फरमाणा चुंगी पर किराए पर रहता है। वह हरियाणा रोडवेज में किलोमीटर स्कीम वाली बसों पर चालक के पद पर रोहतक डिपो में कार्यरत है। उसने बताया कि उसकी बस खराब हो गई थी, जिसके कारण उसने अपनी सवारियां दूसरी बस में बैठा दी और खुद बस को हांसी में ठीक करवाने लगा।
अरुण ने कहा कि बस ठीक करवाने के लिए काफी समय लग गया। जिसके कारण वह देरी से रात को वापस आया। वह अपनी बस को महम बस अड्डा पर खड़ी करता था। लेकिन देर रात होने के कारण बस अड्डा का गेट बंद हो गया था। इसलिए उसने अपनी बस को पड़ोस के खाली पड़े प्लाट में खड़ी करने का निर्णय लिया। इसलिए उसने प्लाट के मालिक से अनुमति भी ले ली थी।
उन्होंने बताया कि उस प्लाट में भूरी नामक व्यक्ति आया। जिसने अपने परिवार सहित झगड़ा शुरू कर दिया। गाली-गलौज भी की। जब उसने रोका तो आरोपी मारपीट करने पर उतारू हो गया। उसने लोहे के सरिया से हमला करके घायल कर दिया। फिलहाल वह अस्पताल में भर्ती है। इस घटना की शिकायत पुलिस को दे दी। पुलिस ने सूचना मिलते ही मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी।
