Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

सोनीपत में ढाबा संचालक पर जानलेवा हमला:

हरियाणा के सोनीपत जिले के गोहाना में स्थित खानपुर कलां में एक ढाबा संचालक पर गाड़ी सवार तीन युवकों ने धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हमले के दौरान ढाबा संचालक के हाथ की नस तक कट गई। इसके अलावा भी कई गंभीर चोटें लगी हैं। युवत ढाबा संचालक को जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। वहीं पुलिस ने घायल के बयानों पर तीन नामजद युवकों के खिलाफ हत्या के प्रयास की धारा 307 सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। आरोपियों की तलाश जारी है।

गोहाना सदर थाना पुलिस को दी शिकायत में राकेश ने बताया कि वह गांव खानपुर कलां का रहने वाला है। उसने खानपुर कलां के सामने भोला पंजाबी नाम से ढाबा खोल रखा है। शनिवार की रात करीब 10 बजे वह ढाबे को बंद करने की तैयारी कर रहा था। इसी दौरान वहां कृष्ण निवासी सरगथल, अमन, जगदीप निवासी दुबेटा इकाे गाड़ी में सवार होकर आए। उन्होंने कहा कि खाना दे दो। जवाब में उसने कहा कि ढाबा बंद हो गया है, खाना बनाने वाला कारीगर भी चला गया है। अब खाना नहीं बन सकता।

इस पर उपरोक्त तीनों युवक उसे गालिया देते हुए वहां से चले गए। करीब 10 मिनट बाद वे दोबारा लौटे। तीनों ने हाथों में धारदार हथियार लिए हुए थे। गाड़ी से तीनों नीचे उतरे और उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। बदमाशों ने जान से मारने की नीयत से उसके ‌सिर पर फरसे से वार किया। बचाव में उसने अपना हाथ आगे बढ़ाया तो उसकी हाथ की कोहनी की ओर से नस कट गई। फिर भी युवक उस पर हमला करते रहे। कुछ देर बाद जब वह बेहोश हो गया तो वे जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।

वारदात के बाद तीनों युवक मौके से फरार हो गए। कुछ देर बाद वहां से स्थानीय लोग गुजर रहे थे, जिन्होंने राकेश को खून से लथपथ हालत में ढाबे में पड़ा देखा। लोगों ने ही मामले की जानकारी परिजनों व पुलिस को दी। साथ ही उसे तत्काल अस्पताल ले गए।

मामले की जांच कर रहे एसआई समुंद्र सिंह का कहना है कि घायल के होश में आने के बाद रविवार देर शाम बयान दर्ज किए गए। आसपास सीसीटीवी कैमरे लगे हैं, जिनकी फुटेज निकलवाने का प्रयास किया जाएगा। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Exit mobile version