Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक में थाने में शिकायत देकर लौट रहे 5 लोगों पर जानलेवा हमला: झगड़े की रंजिश में किया धारदार हथियार से वार

रोहतक पांच दिन पहले हुए विवाद में तीन दिन पहले पंचायत हुई। पंचायत ने एक पक्ष को दोषी मानते हुए 30 हजार रुपए जुर्माना भी लगाया। इसके बाद भी आरोपी शांत नहीं हुए। सोमवार को एक बार फिर गाली-गलौज की। इसकी शिकायत करने पीड़ित परिवार शिवाजी कॉलोनी थाने आया। यहां से सभी वापस घर राम नगर जा रहे थे तभी झज्जर चुंगी के पास आरोपियों ने रात करीब 8 बजे धारदार हथियार और लाठी डंडों से हमला किया।

इस दौरान ऑटो सवार रेनू, स्नेहा, पिंकी निवासी रामनगर, राज कुमार निवासी डीघल, कार्तिक सुनारिया चौक गंभीर रुप से घायल हो गए। आरोपी करीब 30 मिनट तक लाठी-डंडों से मारपीट करते रहे। पीड़ित चीख पुकार मचाते रहे। लेकिन कोई भी बचाने के लिए आगे नहीं आया। करीब आधा घंटे बाद शिवाजी कॉलोनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को आता देख हमलावर पीड़ितों को जान से मारने की धमकी देकर वहां से भाग गए। पुलिस घायलों को इलाज के लिए पीजीआईएमएस लेकर आई।

जहां उनकी हालत गंभीर होने पर इलाज को भर्ती कर लिया गया। घायल रेनू ने बताया कि पड़ोस में रहने वाली पिंकी के बेटे से झज्जर चुंगी निवासी एक युवक का झगड़ा हो गया था। इस झगड़े को लेकर शनिवार को पंचायत भी हुई थी। पंचायत के दौरान 30 हजार रुपए देकर झगड़ा शांत करा दिया गया। फिर भी आरोपी पक्ष के लोग पिंकी के बेटे से रंजिश मानते थे। आए दिन अभद्र भाषा का प्रयोग कर जान से मारने की धमकी देने घर पर आते थे।

पुलिस ने बताया की आरोपियों के हमले से तीन महिलाओं सहित 5 लोग जख्मी हुए हैं। घायलों का पीजीआई में भर्ती कराया गया है। शिकायत आने पर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई होगी ।

Exit mobile version