Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा में अराजकीय अस्थाई विद्यालय संबद्धता फार्म की तिथि बढ़ाई:31 तक जमा किए जाएंगे, 8 हजार रुपए शुल्क लगेगा, इसके बाद लेट फीस लगेगी

हरियाणा में अराजकीय अस्थाई विद्यालयों के लिए संबद्धता फार्म जमा करने की अंतिम तिथि बढ़ा दी गई है। अब संबंधित विद्यालय 31 अक्टूबर तक संबद्धता के लिए आवेदन कर सकेंगे।

आवेदन के साथ 8 हजार रुपए संबद्धता शुल्क जमा करना होगा। निर्धारित तारीख के बाद आवेदन करने वाले विद्यालयों को अतिरिक्त लेट फीस का भुगतान करना पड़ेगा।

विद्यालय संचालकों को सलाह दी गई है कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन प्रक्रिया पूरी करें, ताकि बाद में अतिरिक्त शुल्क या अन्य परेशानी से बचा जा सके।

हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए सेकेंडरी और सीनियर सेकेंडरी स्तर के अराजकीय अस्थाई मान्यता प्राप्त स्कूलों से संबद्धता आवेदन मांगे हैं। बोर्ड अध्यक्ष शंकर लाल धूपड़ और सचिव दीपक बाबूलाल करवा ने बताया कि स्कूल 6 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। संबद्धता के लिए 8 हजार रुपए शुल्क निर्धारित किया गया है, जिसमें 18 प्रतिशत जीएसटी भी शामिल है।

निर्धारित अवधि में आवेदन नहीं करने वाले स्कूलों को 1 नवंबर से 10 नवंबर तक विलंब शुल्क के साथ आवेदन करने का अवसर दिया जाएगा। इस अवधि में स्कूलों को 5 हजार रुपए अतिरिक्त विलंब शुल्क और 18 प्रतिशत जीएसटी का भुगतान करना होगा। संबद्धता शुल्क ऑनलाइन एचडीएफसी बैंक के गेटवे पेमेंट के माध्यम से जमा कराया जाएगा।

इसके अलावा शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए राजकीय, अराजकीय स्थायी मान्यता प्राप्त स्कूलों तथा गुरुकुल एवं विद्यापीठों के संबद्धता फॉर्म जमा करने की अंतिम तिथि भी बढ़ाई गई है। अब संबंधित संस्थान 16 अक्टूबर तक विलंब शुल्क के साथ ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। इस अवधि में 5 हजार रुपए विलंब शुल्क और 18 प्रतिशत जीएसटी का भुगतान करना होगा।

बोर्ड ने सभी स्कूलों और संस्थानों के मुखियाओं से निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है। संबद्धता आवेदन और शुल्क बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध लिंक के जरिए ऑनलाइन जमा किए जाएंगे। आवेदन के दौरान जरूरी दस्तावेज भी ऑनलाइन अपलोड करने होंगे।

बोर्ड की ओर से इस संबंध में पहले जारी की गई अन्य सभी शर्तें और निर्देश यथावत लागू रहेंगे।

बोर्ड अधिकारियों ने बताया कि आवेदन प्रक्रिया के दौरान किसी भी तरह की तकनीकी समस्या आने पर स्कूल और संस्थान 01664-254300 या 01664-254302 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा बोर्ड कार्यालय की संबद्धता शाखा के 01664-244171 से 176, एक्सटेंशन 111 पर भी कार्यदिवस में सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक संपर्क किया जा सकता है।

तकनीकी या संबद्धता से संबंधित जानकारी के लिए संस्थान asaffi@bseh.org.in ई-मेल के माध्यम से भी अपनी समस्या भेज सकते हैं।

Exit mobile version