रोहतक से लापता किशोर का शव चरखी दादरी में मिला है। जो 29 फरवरी को अपने घर से दोस्तों के साथ घूमने के लिए निकला था। पिछले 6 दिन से नाबालिग युवक की तलाश जारी थी। जिसकी पहचान रोहतक के घनीपुरा निवासी करीब 16 वर्षीय यश वर्मा के रूप में हुई है। वहीं नाबालिग के पिता ने कहा कि उसके बेटे की मौत का सच सामने आना चाहिए। ताकि यह स्पष्ट हो सके कि उसके बेटे की मौत कैसे हुई। वहीं अर्बन एस्टेट थाना की पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
रोहतक के घनीपुरा निवासी दिनेश वर्मा ने अर्बन एस्टेट पुलिस थाना में दी शिकायत में बताया था कि उसका लड़का करीब 16 वर्षीय यश वर्मा 29 फरवरी की सुबह करीब 10 बजे घर से अपने दोस्तों के साथ गया था। लेकिन यश वर्मा वापस नहीं लौटा और मोबाइल फोन बंद आने लगा। उन्होंने अपने स्तर पर तलाश शुरू कर दी। इस दौरान जानकारी मिली कि यश वर्मा ने अपने दोस्तों के साथ बैठकर जेएलएन नहर पर पार्टी की थी। इसके बाद से यश वर्मा बिना बताए कहीं चला गया।
पीड़ित ने रिश्तेदारियों व आसपड़ोस में भी तलाश किया। लेकिन कोई सुराग नहीं लग पाया। दोस्तों ने नहर में गिरने की बात बताई तो एनडीआरएफ की टीम की मदद से युवक की तलाश शुरू कर दी। अब यश वर्मा का शव चरखी दादरी में मिला है। दिनेश वर्मा ने कहा कि उसके बेटे की मौत के स्पष्ट कारणों का पता चलना चाहिए। उसके बेटे की हत्या हुई है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाए।
अर्बन एस्टेट थाना के जांच अधिकारी सुभाष चंद्र ने बताया कि चरखी दादरी में यश वर्मा का शव मिल गया है। हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यश की मौत किन परिस्थितियों में हुई। जिसके लिए पुलिस जांच कर रही है। जांच में जो भी आएगा, उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
