Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक में दुकान में खून से चारपाई पर लथपथ मिला बिहार के युवक का शव, सिर पर मारी थी ईंट

रोहतक के गांव खरावड़ के पास हाईवे पर दुकान में बिहार के युवक का शव खून से लथपथ अवस्था में चारपाई पर पड़ा हुआ मिला। जिसके सिर व अन्य शरीर पर ईंट से चोट मारने के निशान मिले हैं। जिससे प्रतीत हो रहा है कि किसी ने उसकी हत्या कर दी। जब दिनभर दुकान मे हलचल नहीं दिखी तो पड़ोसी दुकानदारों ने अंदर जाकर देखा तो उसका खून से लथपथ शव मिला।

शव को देखकर दुकानदारों के पांव तले जमीन खिसक गई। इस मामले की शिकायत पुलिस को दी गई। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई है। दुकान के आसपास कई होटल हैं। पुलिस अब उन होटलों में लगे CCTV फुटेज खंगालेगी। ताकि हत्या की गुत्थी सुलझ पाए।

मृतक की पहचान बिहार के जिला मुजफ्फरपुर के बोचहा निवासी मोहम्मद सदाब के रूप में हुई है। जिसने पिछले करीब 10 साल से गांव खरावड़ के पास हाईवे पर टायर पंक्चर की दुकान खर रखी थी। मोहम्मद सदाब दिनभर दुकान में काम करता था। काम करने के बाद रात को दुकान में ही सो जाता था।

महताब आलम ने बताया कि उसके भाई मोहम्मद सदाब की करीब एक साल पहले ही शादी हुई थी। पिछले साल शादी के बाद परिवार में खुशी का माहौल था। वहीं मोहम्मद सदाब भी कड़ी मेहनत व लग्न के साथ काम कर रहा था। उसके मिलनसार स्वभाव के चलते वह हर किसी का चहेता था।

पुलिस की प्राथमिक जांच के अनुसार मोहम्मद सदाब की हत्या रात को की गई थी, लेकिन दिनभर शव दुकान के अंदर ही पड़ा रहा। जब दिनभर दुकान से हलचल नहीं दिखी तो पड़ोसी दुकानदारों ने उसे जाकर देखा। शाम को पता चला कि मोहम्मद सदाब की तो मौत हो चुकी है और किसी ने उसकी हत्या कर दी।

घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए रोहतक PGI में भेजा। पुलिस ने मृतक के परिवार वालों से संपर्क करके बुलाया है। परिवार वालों के बयान के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी। आईएमटी पुलिस थाना की टीम मामले की जांच में जुटी है। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।

Exit mobile version