Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हिसार में मिला कीचड़ से सना युवक का शव- परिजनो ने जताई हत्या की आशंका, सिर और हाथ पर चोट के निशान

हरियाणा के हिसार के गांव सातरोड खास में युवक का शव मिला। मृतक 38 वर्षीय गणेश शुक्रवार सुबह काम के लिए घर से निकला, लेकिन रात को घर नहीं लौटा। शनिवार सुबह उसका शव घर से करीबन 300 मीटर दूर गली में पड़ा हुआ मिला। परिजन उसकी हत्या की आशंका जता रहे हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भेज दिया है।

मिली जानकारी के अनुसार मृतक के भांजे संजय ने बताया कि उसकी नानी संतोष और उसका मामा गणेश सातरोड खास गांव में रहते हैं। उसका मामा गणेश अविवाहित था और मजदूरी का काम करता था। उसके नाना मोहनलाल की करीबन दस साल पहले मौत हो चुकी है। शुक्रवार सुबह उसका मामा गणेश मजदूरी के लिए गया था, लेकिन रात को वापस घर पर नहीं लौटा। उन्होंने कई बार उसे फोन किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला।

शनिवार सुबह उनके पड़ोसियों ने आकर सूचना दी कि गणेश का शव गली में पड़ा हुआ है। संजय के अनुसार, उन्होंने मौके पर जाकर देखा तो गणेश का पूरा शव कीचड़ से सना हुआ था। उसके सिर में गहरी चोट का निशान है, लेकिन जहां उसका शव मिला वहां खून का धब्बा तक नहीं मिला। इसके अलावा गणेश के हाथ व नाक पर भी चोट है।

आशंका है कि गणेश की किसी दूसरी जगह पर हत्या करके शव को गली में फेंका गया है। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

Exit mobile version