रोहतक के शिवाजी कॉलोनी थाने के जांच अधिकारी आशीष ने बताया कि मंगलवार सुबह पुलिस को सूचना मिली कि झज्जर रोड स्थित रूपैया चौक के पास झाड़ियों में एक व्यक्ति का शव पड़ा है। सूचना मिलने पर शिवाजी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव का निरीक्षण किया।
पुलिस को शव के पास शराब की खाली बोतल और पानी की बोतल पड़ी मिली। मृतक व्यक्ति की उम्र करीब 50 वर्ष है। लेकिन उसके पास कोई पहचान पत्र नहीं होने के कारण उसकी पहचान नहीं हो सकी।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त व पोस्टमार्टम के लिए रोहतक पीजीआई के शवगृह में भेज दिया है। प्रारंभिक तौर पर ऐसा लग रहा है कि शराब पीने व रात को ठंड में रहने के कारण बेहोशी की हालत में व्यक्ति की मौत हुई है।
पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच में जुटी है। मृतक की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। आसपास के थानों में सूचना दे दी गई है और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।
