Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक में सड़क किनारे मिला शव: नशे की ओवरडोज से मौत की आशंका, शर्ट और लोअर पहना था मृतक

रोहतक के मेडिकल मोड के पास शुक्रवार को सड़क किनारे एक युवक का शव पड़ा मिला। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मृतक की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है। मौत के सही कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस शव का पोस्टमॉर्टम कराएगी। हालांकि, नशे के ओवरडोज से मौत की आशंका जताई जा रही है। लेकिन पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से यह स्पष्ट हो जाएगा कि मौत किस वजह से हुई।

पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार मृतक युवक की उम्र करीब 28-30 वर्ष लग रही है। मृतक ने शर्ट और लोअर (पजामा) पहना हुआ था। वह सड़क किनारे मृत मिला। स्थानीय लोगों ने जब युवक को मृत देखा तो पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मृतक की पहचान के प्रयास भी किए जा रहे हैं।

सिविल लाइन थाना प्रभारी जगबीर सिंह ने बताया कि मेडिकल मोड पर एक युवक का शव मिला है। उसकी पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। मौत के कारणों का पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम कराया जाएगा। हालांकि प्रथम दृष्टया मृतक के शरीर पर कोई चोट के निशान नहीं मिले हैं। पुलिस जांच कर रही है।

Exit mobile version