चरखी दादरी में घर से प्रेमी जोड़े का शव मिला है। शव मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। मामले के बारे में पता लगने पर पुलिस भी मौके पर पुहंच गई। पुलिस ने महिला का शव छत से बरामद किया, जबकि युवक का शव रसोईघर में पड़ा मिला है। संभावना जताई जा रही है कि दोनों के बीच प्रेम संबंध ही उनकी मौत की वजह है। पुलिस ने दोनों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिए हैं। पुलिस मृतकों के परिजनों से पूछताछ में लगी हुई है। पुलिस इस मामले की हत्या और आत्महत्या दोनों एंगल से इसकी जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, महिला की पहचान उत्तर प्रदेश की रहने वाली 28 साल की शांती देवी के रूप में हुई है। युवक की पहचान चरखी दादरी के रहने वाले 23 साल के दीपक के तौर पर हुई है। पुलिस पूछताछ में मृतका शांती के पति संदीप ने बताया कि वह ट्रक चलाने का काम करता है। 2016 में उसकी और शांती की शादी हुई थी। संदीप के दो बच्चे हैं, जिनमें लड़के की उम्र 8 और लड़की करीब 6 साल बताई गई है।
संदीप का कहना है कि परिवार के सभी लोग घर पर थे। लेकिन मामले के बारे में उन्हें सुबह पता लगा। संदीप ने बताया कि वह जिस कमरे में सो रहा था, उस कमरे के गेट पर बाहर से कुंडी लगी हुई थी। आज सुबह करीब साढ़े 5 बजे उसकी मां ने दरवाजे की कुंडी खोली थी और उसके बाद इस बारे में पता लगा। जिसके बाद पुलिस को सूचित किया गया
संदीप ने पुलिस को यह भी बताया कि वह दीपक को नहीं जानता था। लेकिन उसकी गैरमौजूदगी में दीपक उनके घर आता था और उसके शांती के साथ अवैध संबंध थे। संदीप ने बताया कि दीपक और शांती परिवार के लोगों को नींद की गोली दे देते थे। उसने बताया कि कुछ समय पहले उसकी मां की तबीयत बिगड़ गई थी। जिसके बाद उसे इस बारे में पता लगा था।
जानकारी मिलते ही पुलिस फोरेंसिक टीम समते मौके पर पहुंच गई। पुलिस की टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया, जिसमें किचन, दूसरे कमरों, पशुओं का चारा रखने वाला कमरा भी खंगाला गया। ताकि पुलिस को कोई संदिग्ध वस्तु मिल सके। पुलिस ने किचन से खाने के सैंपल भी बरामद किए गए हैं। पुलिस ने निरीक्षण करते समय किचन से टैबलेट के खाली पैकेट बरामद किए हैं।

