Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

अंबाला में बारिश से त्राहिमाम; रिहायशी इलाके जलमग्न, DC ऑफिस-सचिवालय डूबा: अलर्ट जारी, स्कूलों में छुट्टी; विज बोले- अंबाला छावनी में प्रशासन अलर्ट

अंबाला में मंगलवार देर रात से तेज बारिश जारी है। जिसके परिणामस्वरूप जिले के कई रिहाइश इलाकों में पानी भर गया है। पानी भर जाने से लोगों के दैनिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं। आज फिर से टांगरी नदी में पानी आने का अलर्ट जिला प्रशासन ने जारी किया है। प्रशासन ने टांगरी किनारे रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने के लिए कहा है। इस बीच अमृतसर-दिल्ली हाईवे पर पुल की मिट्टी गिरी है। ऑटो मोबाइल मार्केट की तरफ जाने वाली सर्विस लेन इससे बंद हो गई है।

अंबाला में डीसी का ऑफिस व सचिवालय डूब गया है। यहां दो से ढाई फीट तक पानी जमा है। अंबाला बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष एवं कांग्रेस के प्रदेश कोषाध्यक्ष रहे एडवोकेट रोहित जैन यहां प्रतिनिधि मंडल के साथ पहुंचे और प्रशासन की पोल खोली।

वहीं नारायणगढ़ में मारकंडा नदी के निकट गांव छोटी रसौर के पास बड़े पैमाने पर भूमि कटाव हो रहा है। किसानों की जमीन नदी में समा रही है। मारकंडा नदी 45 हजार क्यूसेक के जलस्तर पर बह रही है।

अंबाला सिटी में सेक्टर-8, 9 व 10 को जाने वाली सड़कें तालाब बन गई हैं। यहां से वाहन गुजरना भी मुश्किल हो रहा है। इसके अलावा हिसार रोड पर मानव चौक के आसपास 2 से 3 फीट तक जलभराव हो गया है। सावधानी के तौर पर इस सड़क पर वाहनों को जाने से रोका जा रहा है।

अंबाला के मुलाना में स्थिति एमएम यूनिवर्सिटी और उसके आसपास बाढ़ के से हालात हो गए हैं। यूनिवर्सिटी में मेडिकल कॉलेज और अस्पताल है। उसकी इमरजेंसी तक पानी पहुंच गया है। धनौरा में सरकारी स्कूल की दीवार गिर गई। दीवार गली में गिरी, हालांकि उस वक्त वहां से कोई गुजर नहीं रहा था। धनौरा ही दर्शन पाल के पशुओं के बाड़े की छत गिर गई। जिससे करीब 25-30 भेड़ मलबे में दब गईं। पूरा बराड़ा क्षेत्र में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई है। एक तरफ मारकंडा नदी उफन कर चल रही है, इस वजह से भी आबादी इलाकों से पानी की निकासी नहीं हो पा रही।

अंबाला में मंगलवार देर रात से ही बारिश जारी है। जिस वजह से जलभराव की समस्या अधिक हो रही है। अंबाला शहर के न्यू लक्ष्मी नगर, जंडली, माता रानी चौक, जगाधरी गेट, टीबी अस्पताल रोड, पंचायत भवन के सामने, मॉडल टाउन रोड, कपड़ा मार्केट, सेक्टर 10 व सेक्टर 9 में भी पानी भर गया है। इसके साथ ही अंबाला के रिहाइशि इलाकों में भी काफी पानी भर गया है।

अंबाला छावनी में टांगरी नदी में 30-35 हजार क्यूसेक पानी आने का अलर्ट जिला प्रशासन के पास आया है, जिसके बाद प्रशासन मुस्तैद है। एसडीएम ने लोगों से सुरक्षित स्थान पर पहुंचने की अपील की है।

हरियाणा के ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने कहा कि अंबाला छावनी में प्रशासन अलर्ट मोड पर है, टांगरी नदी में पानी आने की जानकारी मिलते ही एसडीआरएफ बुला ली गई है। अंबाला कैंट का पटेल नगर है, जहां सड़कों पर 2 से 3 फीट पानी भरा है। घर में भी पानी घुस गया है। लोग अपना सामान बचाने में जुटे हैं। बेड-अलमारी व फ्रिज के नीचे ईंट लगाकर ऊंचा उठा हैं, ताकि सामान को कम से कम नुकसान हो।

अंबाला डीसी ने भारी वर्षा को देखते हुए आज के लिए अंबाला जिले के सभी स्कूलों में अवकाश घोषित किया है। उन्होंने कहा कि कल रात से तेज बारिश हो रही है। सभी जगह जलभराव हुआ है। इसके लिए आज अंबाला जिले के नर्सरी से लेकर 12 तक के स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है। अगर किसी ने आदेश नहीं माने तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version