रोहतक में जिला लोक संपर्क एवं शिकायत समिति (ग्रीवेंस) की मासिक बैठक सोमवार को जिला विकास भवन के डीआरडीए हॉल में आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार की अनुपस्थिति में डीसी धर्मेंद्र सिंह ने की। उनके साथ निगम कमिश्नर डॉ. आनंद कुमार, एडीसी नरेंद्र कुमार, एएसपी वाईवीआर शशि शेखर भी मौजूद रहे। जिन्होंने 16 शिकायतों पर सुनवाई की।

ग्रीवेंस कमेटी की बैठक में भाजपा की तरफ से पिछले दिनों बनाए नए सदस्यों में से कुछ सदस्य ही देखने को मिले, जबकि भाजपा ने 52 सदस्यों की लिस्ट जारी की थी। ग्रीवेंस कमेटी के सदस्य भाजपा के बड़े चेहरे गायब रहे, जिनमें दीपक हुड्‌डा और अजय बंसल सहित अन्य नेता शामिल है।

ग्रीवेंस कमेटी की मीटिंग से कांग्रेस के विधायकों ने भी दूरी बनाई। एक भी विधायक ग्रीवेंस कमेटी की मीटिंग में नहीं पहुंचा और ना ही सांसद दीपेंद्र हुड्डा आए। वहीं, भाजपा के ही राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा भी मीटिंग में नहीं पहुंचे। केवल अधिकारियों ने ही मीटिंग में एजेंडों को सुनते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए।

ग्रीवेंस कमेटी की पिछली मीटिंग 2 जुलाई को हुई थी, जिसमें पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार के सामने 18 मुद्दों को रखा गया था। उनमें से 17 शिकायतों का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि एक शिकायत को पेंडिंग रखा गया था। आज उस शिकायत को सबसे पहले लिया, लेकिन न तो शिकायतकर्ता पहुंचा और न ही पीजीआई से कोई अधिकारी आया, जिसके कारण शिकायत को दोबारा पेंडिंग रख लिया गया।

शिकायतकर्ता विनोद कुमार ने कहा कि गांव कटेसरा में अवैध कब्जे हटवाने के लिए शिकायत की थी, लेकिन अधिकारियों की तरफ से केवल खानापूर्ति की गई। केवल दो बिटोड़े ही हटाए गए, जबकि कई अन्य बिटोड़े भी रास्ते में है। इस पर डीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जल्द रास्ते को साफ करवाया जाए।

शिकायतकर्ता बलराज सिंह ने बताया कि एक 200 मीटर पाइप का टुकड़ा ओमेक्स में लगना है, जिसके बाद पानी की समस्या का समाधान हो सकता है। लेकिन अभी तक पब्लिक हेल्थ विभाग की तरफ से कार्रवाई नहीं की गई। इस पर पब्लिक हेल्थ के एक्सईएन ने बताया कि ओमेक्स वालों को लेटर लिखा गया है। जैसे ही परमिशन मिल जाएगी, काम शुरू कर दिया जाएगा। इस पर डीसी ने मामले में तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!