Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा में दिन गर्म-रातें फिर ठंडी:गुरुग्राम में सबसे अधिक 33°C तापमान, पानीपत में कम; 13-14 को फिर बदलेगा मौसम

हरियाणा में हाल ही में हुई बारिश और ओलावृष्टि के बाद मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। दिन में हल्की गर्माहट लौट रही है, लेकिन रात के समय ठंडक बढ़ गई है। प्रदेश के कई जिलों में रात का तापमान सामान्य से 3 से 6 डिग्री तक नीचे चल रहा है, जिससे फरवरी जैसी ठंड महसूस हो रही है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के 9 अप्रैल के आंकड़ों के अनुसार राज्य का औसत न्यूनतम तापमान सामान्य से 3.7°C कम दर्ज किया गया। पानीपत में सबसे कम 13°C तापमान रिकॉर्ड हुआ, जबकि गुरुग्राम में अधिकतम तापमान 33°C तक पहुंचा, जो प्रदेश में सबसे ज्यादा रहा।

बारिश के बाद साफ मौसम और उत्तर-पश्चिमी ठंडी हवाओं के कारण रात में तापमान गिर रहा है, जबकि दिन में धूप के चलते हल्की बढ़ोतरी देखी जा रही है। यही वजह है कि दिन और रात के तापमान में अंतर बढ़ गया है। 13-14 अप्रैल को फिर से मौसम का मिजाज बदल सकता हैं।

बारिश के बाद हरियाणा में दिन के तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी हो रही है, लेकिन यह अभी भी सामान्य से नीचे बना हुआ है। 9 अप्रैल को प्रदेश का अधिकतम तापमान गुरुग्राम में 33°C दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे अधिक रहा। अधिकांश जिलों में तापमान 28°C से 32°C के बीच रहा। हालांकि धूप निकलने से दिन में हल्की गर्माहट महसूस हो रही है। आने वाले दिनों में तापमान में 1-2 डिग्री की और बढ़ोतरी संभव है।

प्रदेश में न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है, जिससे रातें ठंडी बनी हुई हैं। 9 अप्रैल को सबसे कम तापमान 13°C पानीपत में दर्ज किया गया। कई जिलों में रात का तापमान 14°C से 17°C के बीच रहा, जो सामान्य से 3 से 6 डिग्री तक कम है। बारिश और ओलावृष्टि के बाद साफ आसमान और ठंडी हवाओं के कारण रात में ठंडक बढ़ गई है। यही वजह है कि लोगों को हल्की सर्दी का एहसास हो रहा है।

Exit mobile version