हरियाणा में आज (24 जनवरी) मौसम साफ रहेगा। मौसम विभाग की ओर से आज के लिए कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। साथ ही यह भी कहा गया है कि अब हरियाणा में अगले 5 दिन तक मौसम साफ रहेगा। 28 जनवरी तक लगातार तापमान में वृद्धि होगी। इस दौरान मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इसके बाद मौसम बिगड़ सकता है।
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार, 28 जनवरी तक उत्तरी और उत्तर-पश्चिमी हवाएं हल्की गति से चलने से रात्रि तापमान में गिरावट आने की संभावना है। इस दौरान अलसुबह और देर रात्रि कहीं-कहीं धुंध भी छा सकती है।
मौसम विभाग के मुताबिक, वर्तमान में एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ हरियाणा NCR-दिल्ली से आगे निकल गया है। साथ ही पर्वतीय इलाकों पर भी बर्फबारी का सिलसिला थम चुका है। इस दौरान मैदानी राज्यों विशेषकर हरियाणा, दिल्ली-NCR के दक्षिणी और पूर्वी हिस्सों में हल्की बारिश हुई। अब आमतौर पर मौसम शुष्क बना रहेगा।
हालांकि, हल्की बारिश से सम्पूर्ण इलाके में नमी की मात्रा में बढ़ोतरी हुई है, लेकिन आने वाले दिनों में तेज धरातलीय हवाएं चलने से हरियाणा और दिल्ली-NCR में हल्के स्तर का कोहरा रहने की संभावना है।
