हरियाणा में हालिया बारिश के बाद दिन के तापमान में बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग के बुलेटिन के अनुसार, कई जिलों में अधिकतम तापमान में 5 से 7 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आई है, जिससे दिन में हल्की ठंडक महसूस की जा रही है।
वहीं, मौसम विभाग ने एक बार फिर हरियाणा में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। 25 मार्च की रात से एक और पश्चिमी विक्षोभ हरियाणा में एक्टिव होगा, जिसका असर 27 मार्च तक रहेगा। इस दौरान हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है और तेज हवाएं चल सकती हैं।
अभी हाल ही में 19 और 20 मार्च को हरियाणा में करीब 200 एमएम तक बारिश दर्ज की गई थी। इस कारण गेहूं की फसल में नुकसान देखने को मिला था। अब फिर बारिश और आंधी के कारण फसल को और नुकसान हो सकता है।
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के सीनियर साइंटिस्ट डॉ. चंद्रशेखर डागर के अनुसार, 26 मार्च तक मौसम लगातार बदलता रहेगा। 22 मार्च को एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिसके प्रभाव से 23 से 25 मार्च के बीच आंशिक बादल छाए रहेंगे और हल्की हवाएं चलेंगी।
इसके बाद 25 मार्च की रात दूसरा पश्चिमी विक्षोभ आएगा, जिससे 26-27 मार्च को कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी और बादल छाए रहने की संभावना है। उन्होंने बताया कि इस दौरान दिन के तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा, लेकिन रात के तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है।
बारिश और बादलों के असर से हरियाणा में दिन का तापमान तेजी से गिरा है। मौसम विभाग के अनुसार, औसतन 4.9°C तक की गिरावट दर्ज की गई, जबकि कई जिलों में यह गिरावट 7°C तक पहुंच गई। भिवानी में सबसे अधिक 28.3°C तापमान दर्ज किया गया, जबकि हिसार, करनाल, गुरुग्राम और अंबाला समेत अधिकांश जिलों में तापमान सामान्य से 3 से 4 डिग्री नीचे रहा। लगातार बादल और ठंडी हवाओं के कारण धूप का असर कम हुआ, जिससे दिन में गर्मी से राहत मिली।
रात के तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। प्रदेश का औसत न्यूनतम तापमान करीब 2.9°C गिरकर सामान्य से नीचे पहुंच गया। करनाल के इंद्री क्षेत्र में सबसे कम 11°C तापमान दर्ज किया गया। चंडीगढ़, अंबाला, नारनौल और जींद सहित कई जिलों में न्यूनतम तापमान 11 से 14°C के बीच रहा। रात में ठंडी हवाओं और साफ मौसम के कारण ठंडक बनी हुई है। हालांकि कृषि मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार आने वाले दिनों में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से रात के तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे ठंड में कुछ कमी आएगी।
