Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा में 6वीं से 8वीं की परीक्षा की डेटशीट बदली:अब 10 मार्च को नहीं होगा एग्जाम, प्रश्नपत्र छपने में देरी के चलते फैसला

हरियाणा में छठी से आठवीं कक्षा तक की परीक्षाओं की डेटशीट में बदलाव किया गया है। पहली परीक्षा को 15 दिन आगे बढ़ा दिया गया है। जिसके तहत 10 मार्च को होने वाली सभी परीक्षाएं अब 25 मार्च को होंगी।

पेपर प्रकाशन में देरी और अन्य व्यवस्थाएं पूरी न होने के कारण यह फैसला लिया गया है। ताकि स्कूलों और शिक्षा विभाग को तैयारी के लिए अतिरिक्त समय मिल सके और परीक्षाएं बिना किसी बाधा के आयोजित की जा सकें।

बता दें कि हरियाणा शिक्षा निदेशालय ने बाल वाटिका से आठवीं कक्षा तक पढ़ने वाले विद्यार्थियों की परीक्षाओं की डेटशीट 1 मार्च को ही जारी कर दी थी। जिसके तहत बाल वाटिका से पांचवीं कक्षा के विद्यार्थियों की परीक्षा 17 मार्च से शुरू होकर 22 मार्च तक चलेंगी। वहीं छठी से आठवीं कक्षा की परीक्षाएं 10 मार्च से शुरू होकर 24 मार्च तक चलनी थीं।

लेकिन अब ये परीक्षाएं 13 मार्च से शुरू होकर 25 मार्च तक चलेंगी। बाल वाटिका से पांचवीं कक्षा तक की परीक्षाएं लगातार आयोजित की जाएंगी। जबकि छठी से आठवीं कक्षा की परीक्षाओं के बीच एक से तीन दिन की छुट्टियां दी गई हैं।

शिक्षा निदेशालय ने 1 मार्च को प्रदेश भर के सभी जिला मौलिक शिक्षा अधिकारियों (डीईईओ), खंड शिक्षा अधिकारियों (बीईओ) और खंड मौलिक शिक्षा अधिकारियों (बीईईओ) को पत्र जारी किए थे।

जिसमें वार्षिक परीक्षाओं के लिए स्कूल स्तर पर तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए थे। सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी कर ली जाएं, ताकि परीक्षाएं शांतिपूर्ण तरीके से करवाई जा सकें। साथ ही इन मूल्यांकन परीक्षाओं का पूरा रिकॉर्ड भी रखना होगा।

हरियाणा में 10वीं और 12वीं बोर्ड की परीक्षा चल रही हैं। 27 फरवरी को 12वीं कक्षा के पेपर आरंभ हो गए। वहीं 28 फरवरी से 10वीं कक्षा के पेपर आरंभ हो गए हैं। वहीं 10वीं कक्षा का अंतिम पेपर 19 मार्च को व 12वीं कक्षा का अंतिम पेपर 29 मार्च को आयोजित किया जाएगा।

भिवानी के जिला शिक्षा अधिकारी सुभाष भारद्वाज ने बताया कि छठी से आठवीं कक्षा की 10 मार्च को आयोजित परीक्षा की तिथि में बदलाव किया गया है। अब यह एग्जाम 25 मार्च को करवाया जाएगा। प्रश्न पत्र के प्रकाशन व व्यवस्थाओं में समय कम था, इसलिए विद्यालय शिक्षा निदेशालय ने यह फैसला लिया है।

Exit mobile version