रोहतक के डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अजय कुमार ने लोकसभा आम चुनाव 2024 में चुनाव ड्यूटी पर लगे कर्मचारियों तथा सुरक्षा व्यवस्था में तैनात पुलिस बल एवं आवश्यक सेवाओं में तैनात कर्मचारियों को पोस्टल बैलेट के माध्यम से मतदान करने के लिए 20 व 21 मई को जिला विकास भवन में सुविधा केंद्र स्थापित करने के निर्देश जारी किए। दो सुविधा केंद्र तथा आवश्यक सेवाओं में तैनात मतदाताओं के लिए पोस्टल मतदान केंद्र स्थापित किया गया है।
रोहतक विधानसभा क्षेत्र के चुनावी ड्यूटी पर स्टाफ के लिए 21 मई को सुबह 11 बजे से सांय 4 बजे तक पोस्टल वोटिंग करवाई जाएगी। कलानौर विधानसभा में चुनावी ड्यूटी पर तैनात स्टाफ के लिए 20 मई को सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक स्थानीय जिला विकास भवन के प्रथम तल पर स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में पोस्टल वोटिंग की सुविधा दी गई है।
पुलिस बल के लिए 20 मई को दोपहर 1 बजे से सायं 4 बजे तक जिला विकास भवन के प्रथम तल स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में पोस्टल वोटिंग की सुविधा दी जाएगी। आवश्यक सेवाओं में तैनात मतदाता कर्मचारिओं के लिए जिला विकास भवन के प्रथम तल स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में 21 मई को सुबह 10 बजे से 11 बजे तक पोस्टल वोटिंग सेंटर में पोस्टल वोटिंग की सुविधा प्रदान की जाएगी।
महम विधानसभा क्षेत्र में ड्यूटी पर तैनात स्टाफ के लिए पोस्टल बैलेट से मतदान के लिए 20 मई को सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक जिला विकास भवन के डीआरडीए हॉल में सुविधा केंद्र स्थापित किया गया है। गढ़ी सांपला-किलोई विधानसभा क्षेत्र में ड्यूटी पर तैनात स्टाफ के लिए जिला विकास भवन स्थित डीआरडीए हॉल में 20 मई को दोपहर बाद 1 बजे से सांय 4 बजे तक पोस्टल वोटिंग करवाई जाएगी।

