हरियाणा के कॉलेजों में स्नातकोत्तर (PG) कोर्सों में दाखिले के लिए ऑनलाइन प्रक्रिया चल रही है। अब तक ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन नहीं कर पाने वाले विद्यार्थियों को उच्चतर शिक्षा विभाग ने राहत दी है। ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की तिथि को एक सप्ताह के लिए बढ़ा दिया गया है। पहले विद्यार्थियों के पास ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के लिए 24 जुलाई तक का समय था।
अब विद्यार्थी 31 जुलाई तक ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करवा सकते हैं। बिना ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के दाखिला नहीं लिया जा सकता है। इसलिए बचे हुए दाखिले के इच्छुक विद्यार्थियों को भी ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करवाना होगा। उच्चतर शिक्षा विभाग ने यह निर्णय यूनिवर्सिटियों द्वारा स्नातक (UG) कोर्सों का रिजल्ट जारी करने में देरी करने के कारण लिया है।
प्रदेश की बात करें तो कुल 197 कॉलेजों में दाखिला प्रक्रिया चल रही है, जिसके तहत 60 कोर्सों में विद्यार्थियों के दाखिले होंगे। अब तक 28776 अभ्यार्थियों (19735 लड़कियां अभ्यर्थी व 9036 लड़के अभ्यर्थी के अलावा 5 ट्रांसजेंडर) ने दाखिले के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करवाया है। इनमें से 20259 अभ्यार्थियों ने ऑनलाइन आवेदन पूरे किए हैं।
कॉलेज प्रशासन द्वारा आवेदनों के साथ ही उनकी वेरिफिकेशन का काम भी किया जा रहा है, ताकि जिन आवेदनों में कोई कमी रह गई, उनको पूरा करवाया जा सके। अभी तक 13197 आवेदन वेरिफाई हो चुके हैं, जबकि 1738 आवेदनों में गलतियां मिलीं, जिसके कारण ऑब्जेक्शन लगा। वहीं 7062 आवेदनों की वेरिफिकेशन अभी बकाया है।
