हरियाणा में नई सरकार बनने के बाद अब विधानसभा सत्र की डेट फाइनल हो चुकी है। 25 अक्टूबर से सत्र की शुरुआत होगी। सदन की कार्यवाही 2 दिन चलेगी। हालांकि सरकार की ओर से सत्र की डेट पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

सदन में सभी निर्वाचित विधायकों को शपथ दिलाई जाएगी। इसके लिए पहले प्रोटेम स्पीकर चुना जाएगा। इसके लिए विधानसभा में सबसे सीनियर MLA रघुबीर कादियान और अशोक अरोड़ा के नाम चर्चा में है। दोनों विधायक विधानसभा अध्यक्ष भी रह चुके हैं।

इसके अलावा, स्पीकर और डिप्टी स्पीकर चुने जाएंगे। चर्चा है कि घरौंडा से विधायक हरविंद्र कल्याण व बल्लभगढ़ से विधायक मूलचंद शर्मा में से एक को स्पीकर और जींद से विधायक डॉ. कृष्ण मिड्‌ढा व सफीदों से विधायक रामकुमार गौतम में से एक को डिप्टी स्पीकर बनाया जा सकता है। भाजपा की ओर से चीफ व्हीप के लिए भिवानी से विधायक घनश्याम सर्राफ के नाम की चर्चा है।

शपथ ग्रहण समारोह के बाद 18 अक्टूबर को मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कैबिनेट की मीटिंग बुलाई थी। तब नायब सैनी ने बताया था कि विधानसभा सत्र की डेट को लेकर सबके साथ चर्चा हो चुकी है। डेट भी एक-दो दिन में फाइनल कर दी जाएगी।

हरविंद्र घरौंडा सीट से लगातार तीसरी बार जीतकर विधायक बने हैं। ये रोड समाज से आते हैं। रोड समाज को मंत्रिमंडल में जगह नहीं मिल पाई। हरविंद्र की गिनती पूर्व CM और अब केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्‌टर के करीबियों में होती है।

भाजपा को करनाल जिले की सभी 5 सीटों पर जीत मिली है। पानीपत में भी पार्टी ने 4 सीटें जीतीं। पानीपत से 2 मंत्री बनाए गए हैं, मगर 5 सीटों वाले करनाल जिले से किसी को मंत्रिमंडल में शामिल नहीं किया गया है।

जींद विधानसभा सीट से कृष्ण लाल मिड्ढा ने लगातार तीसरी बार जीत दर्ज की है। भाजपा ने अभी सिर्फ एक पंजाबी चेहरे अनिल विज को मंत्रिमंडल में शामिल किया है। पिछले मंत्रिमंडल में 2 पंजाबी चेहरे थे।

जींद और हिसार में 2 पंजाबी चेहरे चुनाव जीते। जिसमें कृष्ण मिड्‌ढा और विनोद भयाना शामिल हैं। दोनों ही मनोहर लाल के नजदीकी माने जाते हैं। हिसार से रणबीर गंगवा कैबिनेट में शामिल किए गए हैं, इसलिए कृष्ण मिड्‌ढा का नाम डिप्टी स्पीकर पद के लिए आगे है।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!