Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हिसार में 14 दिन बाद होगा डेयरी संचालक जीवन कुंडू का दाह संस्कार, नायब सैनी सरकार ने सभी मांगें मानी

हिसार. हरियाणा के हिसार में डेयरी संचालक जीवन कुंडू हत्याकांड में न्याय समिति और सरकार में वार्ता सफल रही है. जीवन कुंडू हत्याकांड में न्याय समिति की मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के साथ वार्ता हुई थी, जिसका सकारात्मक नतीजा निकला है. समिति सदस्य पूर्व सरपंच रवि कुंडू ने यह जानकारी दी है. गौर रहे कि अब 14 दिन बाद जीवन कुंडू के शव का अंतिम संस्कार किया जाएगा. हालांकि, मामले में अब तक मुख्य आरोपी पड़ोसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है.

समिति सदस्य पूर्व सरपंच रवि कुंडू ने सीएम नायब सैनी से हुई बातचीत की जानकारी देते हुए बताया कि 15 अगस्त को हांसी में लोगों पर दर्ज मुकदमें रद्द किए जाएंगे. इसके अलावा, मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी का ठोस आश्वासन दिया गया है. साथ ही हांसी में पकड़े गए सभी वाहन वापिस लौटाए जाएंगे और परिवार की मदद की जाएगी.

बताया जा रहा है कि बरवाला रोड की तरफ से मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का विरोध करने जा रहे प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने रोकने की कोशिश की. इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तनाव की स्थिति बन गई, जिसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज किया. पुलिस ने कार्यक्रम स्थल के गेट के बाहर कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में भी लिया. प्रदर्शनकारियों की मांग है कि डेयरी संचालक जीवन कुंडू की हत्या के मामले में आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और पीड़ित परिवार को न्याय मिले.

लाठीचार्ज के बाद प्रदर्शनकारी भड़क उठे और उन्होंने पथराव शुरू कर दिया. इससे कई किसानों के सिर पर चोट आई है. इस पत्थरबाजी में SP-DSP समेत कई पुलिसकर्मी घायल हुए हैं. बता दें कि सीएम कार्यक्रम के एक दिन पहले ही प्रदर्शनकारियों ने टोल प्लाजा जाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया था.

बता दें कि हिसार के सूर्यनगर में गोबर डालने को लेकर हुए विवाद के बाद जीवन कुंडू नाम के युवक पर हमला किया गया था, जिसमें उसकी मौत हो गई. घटना के बाद से ही किसान और खाप संगठन आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं. किसानों का कहना है कि मामले में कार्रवाई में देरी से लोगों में गुस्सा बढ़ रहा है. इसी के चलते प्रदेशभर में टोल जाम कर सरकार तक अपनी आवाज पहुंचाने का निर्णय लिया गया.

प्रदर्शन के दौरान किसानों ने चेतावनी दी थी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा. किसानों ने 15 अगस्त को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा होने वाले ध्वजारोहण कार्यक्रमों को लेकर भी चेतावनी दी. किसानों ने कहा था कि यदि जीवन कुंडू हत्याकांड में आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो वे मुख्यमंत्री को झंडा फहराने नहीं देंगे और कार्यक्रमों का विरोध करेंगे.

Exit mobile version