Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक में दो जगह हुआ साइबर अपराध: एक में कार्ड की लिमिट बढ़ाने का लालच दिया, खाते से निकाले 40 हजार रुपए, दूसरे में साइबर अपराधी ने युवक से 4 लाख 37 हजार ठगे

पहला मामला:

रोहतक में क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने के नाम पर युवक से 40 हजार रुपए ठग लिए। गांव डोभ निवासी दिपांशु ने बताया कि 6 सितंबर की दोपहर करीब 12:50 पर उसके पास कॉल आई थी। कॉल अनजान नंबर से थी। कॉल रिसीव करने वाले युवक ने क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने के बारे में पूछताछ की। इसके बाद उसने फोन में एक एप अपलोड करने के लिए कहा, जिसे अपलोड किया गया।

इसके साथ ही क्रेडिट कार्ड की जानकारी उसमें भरी गई। इसके बाद साइबर अपराधी ने पीड़ित के क्रेडिट कार्ड से 40 हजार रुपए अपने खाते में ट्रांसफर कर लिए। तब पीड़ित को साइबर ठगी की जानकारी हो सकी। बहु अकबरपुर थाना प्रभारी महेश कुमार का कहना है कि पीड़ित की शिकायत पर केस दर्ज किया है। मामले की जांच कराई जा रही है

दूसरा मामला:

रोहतक के गांव आसन निवासी कमल सिंह से 4 लाख 37 हजार रुपए ठग लिए। पीड़ित की शिकायत पर आईएमटी थाना पुलिस ने केस दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। ताकि आरोपी का पता लगाकर उसके खिलाफ कार्रवाई की जा सके। पीड़ित कमल सिंह ने बताया कि 29 अगस्त को उसके पास एक अनजान नंबर से वाट्सएप पर कॉल आई थी।

कॉल करने वाले ने बताया कि वह उसका भांजा अमेरिका से बोल रहा है। पीड़ित ने बताया कि उसका भांजा अमेरिका में रहता है। इसलिए उसे किसी तरह का कोई शक भी नहीं हुआ। उसने कहा कि उसका एक दोस्त कलकत्ता अस्पताल में भर्ती है। उसे पैसे की जरुरत है। आप एक लाख रुपए दे दो, मैं कल आपको वापस कर दूंगा। इस पर पीड़ित ने एक लाख रुपए ट्रांसफर करा दिए।

इसके बाद वाट्सएप पर एक रशीद भेजी गई और कहा गया कि यह रुपए एक दो दिन में खाते में पहुंच जाएंगे। इसके बाद 3 लाख 37 हजार रुपए और ट्रांसफर कर दिए गए। जब खाते में रुपए नहीं आए तब पीड़ित को साइबर ठगी की जानकारी हो सकी। पीड़ित ने बताया कि इन रुपयों का इंतजाम उसने उधार लेकर किया था। पीड़ित ने आईएमटी थाना पुलिस को शिकायत दी। आईएमटी थाना प्रभारी दिलबाग सिंह ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर केस दर्ज किया गया है। मामले की जांच कराई जा रही है। ताकि आरोपी का पता लगाकर कार्रवाई की जा सके।

Exit mobile version