रोहतक की राम गोपाल कॉलोनी निवासी विनय कुमार ने शिवाजी कॉलोनी थाना में शिकायत दी। शिकायत में बताया कि वे रिटायर्ड सीआरपीएफ जवान हैं। 23 अगस्त को वे अपने चाचा सोनीपत जिले के गांव कटवाल, हाल निवासी आनंद नगर निवासी करीब 72 वर्षीय सतपाल के साथ शेव करवाने के लिए झज्जर चुंगी स्थित हेयर ड्रेसर की दुकान पर गए थे। शेव करवाने के बाद दोनों ही पैदल अपने घर की तरफ आ रहे थे। जब वे रास्ते में पड़ने वाले पेट्रोल पंप के पास पहुंचे तो वे कुछ सामान लेने के लिए पीछे रह गए। वहीं उनके चाचा थोड़े आगे निकल गए।
उन्होंने बताया की इसी दौरान सीएससी के सामने उनके चाचा सतपाल सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान रुपया चौक की तरफ से तेज रफ्तार में एक बाइक आई। बाइक ने उसके चाचा को टक्कर मार दी। जिसके कारण उनके चाचा सतपाल गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं बाइक सवार एक्सीडेंट करने के बाद मौके से फरार हो गया। घायल को उपचार के लिए निजी अस्पताल में ले जाया गया। जहां पर चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
उन्होंने इसकी शिकायत शिवाजी कॉलोनी थाना पुलिस को दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर बाइक सवार के खिलाफ केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी। उन्होंने बताया कि उनके चाचा सतपाल को पांच बच्चे (चार बेटियां व एक बेटा) हैं। वहीं उनके चाचा करीब 2-3 साल पहले ही रोहतक के आनंद नगर में रहने के लिए आए थे। इससे पहले वे सोनीपत के गांव कटवाल में अपने घर रहते थे।

